ऑस्कर की रेस शुरू, 8 सितंबर से स्क्रीनिंग
अमर उजाला डिजिटल से बातचीत के दौरान अभय ने बताया, 'अभी फिल्मों की एंट्री आनी शुरू हुई है। 07 सितंबर तक फिल्में जमा करने की आखिरी तारीख है और 8 सितंबर से स्क्रीनिंग शुरू हो जाएगी। फिल्में आएंगी, जूरी उन्हें देखेगी और फिर तय करेगी कि इनमें से कौन-सी फिल्म भारत की तरफ से आगे जाएगी। अभी कितनी फिल्में आएंगी, यह कहना मुश्किल है, लेकिन जितनी ज्यादा फिल्में आएंगी, उतना कॉम्पिटिशन भी बढ़ेगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'फिलहाल फिल्मों की संख्या को लेकर कोई तय आंकड़ा सामने नहीं आया है। 07 सितंबर की डेडलाइन के बाद ही पता चलेगा कि इस बार भारत की ऑस्कर एंट्री के लिए कितनी फिल्मों के बीच मुकाबला होगा।'
कौन-सी फिल्म चुनेगी जूरी? अभय बोले- पहले फिल्में देखिए
सबसे दिलचस्प सवाल यही है कि जूरी किन बातों को देखकर एक फिल्म को बाकी फिल्मों से आगे रखेगी। इस पर अभय सिंह किसी एक तय फॉर्मूले की बात नहीं करते। उनका कहना है कि पहले सभी फिल्में जूरी के सामने आनी चाहिए।
'अभी तो जूरी ही डिसाइड करेगी कि कौन-सी फिल्म को भेजना है। सारी फिल्में आएंगी, जूरी उन्हें देखेगी, आपस में डिस्कस करेगी और फिर तय करेगी कि इनमें से कौन-सी फिल्म इंडिया को रिप्रेजेंट करने के लिए भेजनी चाहिए। इसलिए अभी से किसी एक फिल्म या किसी एक पैरामीटर के बारे में कुछ कहना ठीक नहीं होगा। पहले सारी एंट्री आने दीजिए, फिल्में देखी जाएंगी और उसके बाद जूरी फैसला करेगी।'
उन्होंने आगे कहा, 'फिलहाल किसी खास भाषा, जॉनर या फिल्म की चर्चा को चयन का आधार मानना जल्दबाजी होगी। पहले सभी योग्य एंट्री जूरी के सामने आएंगी और स्क्रीनिंग के बाद सदस्यों की चर्चा और वोटिंग से भारत की ऑफिशियल एंट्री चुनी जाएगी।'
पिछली बार 24 फिल्मों में से चुनी गई थी 'होमबाउंड'
- पिछले साल अलग-अलग भाषाओं की 24 फिल्मों में से 'होमबाउंड' को भारत की ऑफिशियल एंट्री चुना गया था।
- ईशान खट्टर, जान्हवी कपूर और विशाल जेठवा स्टारर इस फिल्म का चयन 2025 में हुआ था।
- इस बार 07 सितंबर तक आने वाली एंट्री से रेस की तस्वीर साफ होगी।
- इसके बाद 08 सितंबर से स्क्रीनिंग शुरू होगी और जूरी के सामने सभी फिल्मों में से भारत को रिप्रेजेंट करने के लिए एक फिल्म चुनने की चुनौती होगी।
- चुनी गई फिल्म का एलान 19 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
14 मार्च को होगा ऑस्कर का 99वां समारोह
बता दें कि ऑस्कर का 99वां समारोह 14 मार्च 2027 को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया जाएगा।