फैशन और फिल्मों की दुनिया का सबसे प्रमुख महोत्सव कान फिल्म फेस्टिवल हर साल की तरह इस बार भी लौट रहा है। हर साल की तरह इस बार भी भारत की ओर से कई सेलेब्स कान फिल्म फेस्टिवल की रेड कार्पेट पर शिरकत करेंगे। वहीं भारत की ओर से कई फिल्मों का भी इस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर होगा। जानते हैं कब, कहां और किस समय होगा कान फिल्म फेस्टिवल?
12 से 23 मई तक होगा कान फिल्म फेस्टिवल का आयोजन
79वें कान फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 12 से 23 मई 2026 तक फ्रांस के कान्स शहर (फ्रेंच रिवेरा) में किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम मुख्य रूप से पैलेस डेस फेस्टिवल्स में आयोजित किया जाता है। भारत के समयानुसार इसकी ओपनिंग सेरेमनी 12 मई की शाम से देर रात के बीच शुरू होगी।
इस फेस्टिवल को कान के आधिकारिक यूट्यूब चैनल, इंस्टाग्राम और वेबसाइट पर रेड कार्पेट और उद्घाटन/समापन समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं। हर साल फ्रांस के खूबसूरत शहर कान्स में होने वाला यह आयोजन सिर्फ रेड कार्पेट और ग्लैमर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे विश्व सिनेमा का सबसे बड़ा मंच माना जाता है। इस बार कान फिल्म फेस्टिवल की जूरी की अध्यक्षता मशहूर दक्षिण कोरियाई फिल्म निर्माता पार्क चान-वूक करेंगे।
ऐश-आलिया ही नहीं, ये बॉलीवुड सेलेब्स भी रेड कार्पेट पर उतरेंगे
हर बार की तरह इस बार भी दुनियाभर की तमाम हस्तियां इस फेस्टिवल में हिस्सा लेंगी। भारत की ओर से भी ऐश्वर्या राय और आलिया भट्ट समेत कई सेलेब्स कान की रेड कार्पेट पर नजर आएंगे। इनमें ऐश्वर्या-आलिया के अलावा फिल्ममेकर करण जौहर, तारा सुतारिया, मोनी रॉय और पूजा बत्रा के भी इस ग्लोबल इवेंट में हिस्सा लेने की संभावना है।
फिल्म निर्माता आशुतोष गोविरकर भी इस फेस्टिवल का हिस्सा होंगे। वह भारत के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल होंगे और इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया के निदेशक के तौर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पंजाबी, मराठी-गुजराती और मलयालम सिनेमा के कलाकार भी पहुंचेंगे