1000 करोड़ के करीब 'रामायण'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पारी खेल रही है। हालांकि, वीकडेज के चलते कलेक्शन में गिरावट देखी जा रही है। बुधवार को 21वें दिन इसने 9.50 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, आज 22वें दिन यानी गुरुवार का कलेक्शन 9.65 करोड़ रुपये है। भारत में इस फिल्म ने 992.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है।
वर्ल्डवाइड 'पुष्पा 2' से आगे निकली
फिल्म 'रामायण' विदेशों में भी अच्छा कमा रही है। 21 दिनों में वर्ल्डवाइड फिल्म 'रामायण' 1,755.50 करोड़ रुपये कमा चुकी है। इसी के साथ 21वें दिन इसने 'पुष्पा 2' को वर्ल्डवाइड पीछे छोड़ दिया। दुनियाभर में यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन गई है। बता दें कि अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,742 करोड़ रुपये है।
- दुनिया भर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में 'दंगल' 2,070 करोड़ रुपये की कमाई के साथ सबसे ऊपर है।
- इसके बाद 1,813.40 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 'धुरंधर 2' का नंबर आता है।
- 1,788 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 'बाहुबली 2' तीसरे नंबर पर है। चौथे नंबर पर 'रामायण' काबिज हो गई है।
'ओम ऑपरेशन मोल' का बॉक्स ऑफिस
धनुष की यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को रिलीज हुई। आज इसने सिनेमाघरों में सात दिन पूरे कर लिए हैं। हालांकि, कलेक्शन के मामले में इसमें भी गिरावट देखी जा रही है। कल छठे दिन 'ओम' ने 4.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। आज सातवें दिन इसकी कमाई 3.75 करोड़ रुपये है। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 69.30 करोड़ रुपये हो चुका है।
'गॉडजिला माइनस जीरो' लाखों में सिमटी
यह फिल्म भी 'ओम' के साथ ही रिलीज हुई थी। हालांकि, खास प्रदर्शन नहीं कर रही है। 'रामायण' और 'ओम' के सामने इसका कलेक्शन लाखों में सिमट चुका है। कल छठे दिन इसने 31 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया। सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को सातवें दिन 'गॉडजिला माइनस जीरो' ने 32 लाख रुपये कमाए हैं। इस फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 4.53 करोड़ रुपये हो गया है।