रणवीर सिंह और आलिया भट्ट अभिनीत फिल्म 'गली बॉय' 92वें ऑस्कर अवॉर्ड की रेस से बाहर हो गई है। यह फिल्म इस साल की बहुचर्चित हिंदी फिल्मों में से एक है। दर्शकों से मिले प्यार और बॉक्स ऑफिस की सफलता के बाद इस फिल्म को ऑस्कर अवॉर्ड में भी भेजा गया। सबको इस फिल्म से काफी उम्मीदें थी हालांकि फिर एक बार भारत के हाथों से ऑस्कर फिसल गया। फिल्म के ऑस्कर के मुकाबले से बाहर होने पर फिल्म की निर्देशक जोया अख्तर की प्रतिक्रिया सामने आई है।
जोय अख्तर ने बताया, 'मुझे इस बात से बेहद दुख है। हम ऑस्कर का अपना सपना पूरा नहीं कर पाए। यह निराशाजनक था पर हम क्या कर सकते हैं। आप अपनी अगली फिल्म के लिए आगे बढ़ जाते हैं। हम पूरी प्रक्रिया से गुजरे हैं। लेकिन किसी को वहां के सिस्टम के बारे में ठीक से जानकारी नहीं है। सिस्टम में हर वक्त कुछ न कुछ बदलाव आते रहते हैं इसलिए वहां के लोग भी इससे पूरी तरह परिचित नहीं हैं। आपको सही मार्गदर्शन के लिए प्रचारकों पर निर्भर रहना पड़ता है। 'गली बॉय' को दस हजार अमेरिकन क्रिटिक्स ने देखा है। इस फिल्म ने सिर्फ मेरे ही नहीं बल्कि इंडस्ट्री के लिए भी रास्ता खोल दिया है।'
जोया से पहले उनके भाई और फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर फिल्म के ऑस्कर से बाहर होने पर पहले ही अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा, 'हम इस बात से काफी दुखी हैं, लेकिन इस बात की खुशी है कि हम वहां तक पहुंचे और मुकाबला किया। उन सारी फिल्मों को मेरी बहुत शुभकामनाएं जो आगे गई हैं।' गौरतलब है कि 'गली बॉय' इस साल की शुरुआत में रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह, आलिया भट्ट के अलावा सिद्धांत चतुर्वेदी और कल्कि केकला मुख्य किरादार में नजर आए।
पढ़ें: लव रंजन की फिल्म में नजर आएगी रणबीर-श्रद्धा की जोड़ी