आजकल बॉलीवुड में बायोपिक का क्रेज चल पड़ा है। हर कोई अपनी जिंदगी या किसी और की जिंदगी पर बायोपिक बना रहा है। ऐसे में 80 के दशक की मशहूर अदाकारा जीनत अमान ने भी अपनी एक ख्वाहिश जाहिर की है। वह अपनी जिंदगी पर बनने वाली बायोपिक में प्रियंका चोपड़ा को देखना चाहती हैं।
अपनी वेब सीरीज 'लव, लाइफ एंड स्क्रिउ अप्स' के लॉन्च पर जीनत ने कहा, 'मैं चाहती हूं मेरी बायोपिक में प्रियंका चोपड़ा काम करें। वो काफी अच्छी हैं और मुझे पसंद भी हैं। प्रियंका इस रोल के लिए पर्फेक्ट रहेंगी।' जीनत ने आगे बताया कि एक प्रोड्यूसर ने उनसे बायोपिक की बात भी की थी लेकिन वह अभी इसके लिए राजी नहीं हैं।
कुछ दिन पहले सिंगर आशा भोसले ने भी अपनी बायोपिक में प्रियंका को देखने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि प्रियंका एक्टर के साथ-साथ एक अच्छी सिंगर भी हैं। इसलिए वह इस रोल को कर सकती हैं। प्रियंका ने अभी इन दोनों ही बायोपिक पर अपनी राय नहीं दी है। वैसे वह बॉक्सर मैरी कॉम पर बनी बायोपिक का हिस्सा रह चुकी हैं। जल्द ही वह अंतरिक्षयात्री कल्पना चावला पर बनने वाली बायोपिक की भी शूटिंग करेंगी। खबरें ये भी आ रही हैं कि संजय लीला भंसाली अपने महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट अमृता प्रीतम की बायोपिक में प्रियंका को लेना चाहते हैं। लगता है प्रियंका बायोपिक के लिए सभी की मनपसंद हीरोइन बन गई हैं।