बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान की मां परवीन खान को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है। उनकी मां की डेढ़ महीने से तबीयत खराब है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर मां के स्वास्थ्य से जुड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है, ' 'मुझे पता है कि मुझे थोड़ी देर हो गई है, लेकिन मेरे जन्मदिन और ईद के लिए आपने जो प्यार और शुभकामनाएं भेजी हैं, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद। मुझे खेद है कि मैं व्यक्तिगत रूप से हर किसी के मैसेज का जवाब नहीं दे पा रही हूं।'
जरीन ने आगे लिखा, 'मैं पिछले डेढ़ महीने से अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर व्यस्त हूं क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और बार- बार उनका अस्पताल आना जाना हो रहा है। वर्तमान में, वह फिर से अस्पताल में भर्ती हैं और मैं आप सभी से निवेदन करती हूं कि आप सभी उन्हें अपनी दुआओं में याद करें, ताकि वो जल्दी से स्वस्थ हो जाएं।'
बता दें कि जरीन खान ने साल 2010 में सलमान खान के साथ फिल्म वीर से बॉलीवुड डेब्यू किया था। हिंदी के अलावा जरीन पंजाबी और तेलुगू सिनेमा में भी अपना दम दिखा चुकी हैं, हालांकि बॉलीवुड में अभिनेत्री का सफर कुछ बहुत खास नहीं रहा है। बता दें कि जरीन ने हाउसफुल 2, हेट स्टोरी 3, अक्सर, वजह तुम हो, 1921 सहित कई फिल्मों में अपना दम दिखाया है। हाल ही में जरीन की फिल्म 'हम भी अकेले तुम भी अकेले' रिलीज हुई है।