रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘केजीएफ चैप्टर 2’ अपनी रिलीज से पहले ही 26.50 करोड़ की कमाई एडवांस बुकिंग से कर चुकी है। वहीं, हिंदी भाषा में पहले दिन फिल्म के लगभग 40 करोड़ की कमाई करने का अनुमान लगाया जा रहा है। अगर इसमें तमिल, तेलुगू और कन्नड़ के बिजनेस को भी मिला दिया जाए, तो फिल्म पहले दिन तकरीबन 90 करोड़ की कमाई कर सकती है।
ढाई साल से ज्यादा का समय हो गया है कि किसी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ की ओपनिंग की हो। आखिरी बार अक्टूबर 2019 में गांधी जयंती के मौके पर रिलीज हुई ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘वॉर’ ने 53.35 करोड़ की ओपनिंग की थी। इसके बाद कोई भी फिल्म 50 करोड़ तो क्या 30 करोड़ की ओपनिंग भी नहीं कर पाई। 2021 में दिवाली के मौके पर आई अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ ने जरूर 26.29 की कमाई की थी। वहीं, साउथ की फिल्मों की बात करें तो ‘बाहुबली 2’ ने पहले दिन हिंदी में 41 करोड़ की कमाई की थी, वहीं 'आरआरआर' 20.07 करोड़ पर सिमट कर रह गई थी। अब माना जा रहा है कि 'केजीएफ 2' पहले दिन लगभग 40 करोड़ से ज्यादा की कमाई करके 'बाहुबाली 2' का रिकार्ड तोड़ सकती है।
प्रशांत नील द्वारा निर्देशित फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर दो’ पैन इंडिया की फिल्म है। इस फिल्म के पहले पार्ट को भी दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इसे हिंदी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषा में रिलीज किया जाएगा। फिल्म 100 करोड़ की लागत से बनी है। इसमें यश के अलावा, श्रीनिधि शेट्टी, रवीना टंडन, संजय दत्त समेत कई सितारे मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं, विजय स्टारर ‘बीस्ट’ भी 13 अप्रैल को सिनेमाघरों में आ गई है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच टक्कर देखने को मिल सकती है।