आठ मार्च को रिलीज होने वाली मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली एकल महिला सुपरहीरो फिल्म 'कैप्टन मार्वल' के हिंदी डायलॉग बॉलीवुड के एक मशहूर राइटर ने लिखे हैं। ये राइटर हैं 'वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई' की स्क्रिप्ट लिखने वाले लेखक रजत अरोड़ा। रजत इस फिल्म के डायलॉग लिखते हुए काफी एक्साइटेड थे। कैप्टन मार्वल फिल्म के हिंदी डब वर्जन डायलॉग लिखने वाले अरोड़ा ने बताया कि जब मुझे 'कैप्टन मार्वल' के लिए हिंदी में संवाद लिखने का प्रस्ताव मिला तो मैं हैरान रह गया था।
उन्होंने कहा पहली मार्वल महिला सुपरहीरो फिल्म होने के कारण यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण फिल्म है और मैंने फिल्म की भावनाओं और सार को बरकरार रखने का प्रयास करने के साथ ही हिंदी दर्शकों के लिए इसे प्रासंगिक बनाने की भी कोशिश की है।
रजत ने कहा मैं हमेशा से ही मार्वल सुपरहीरो फिल्मों का फैन रहा हूं और उम्मीद करता हूं कि जब दर्शक 'कैप्टन मार्वल' को देखेंगे तो मेरे लिखे संवादों को पसंद करेंगे। भारत में शुक्रवार को रिलीज हो रही कैप्टन मार्वल अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषाओं में होगी।
फिल्म का निर्देशन एना बोडेन और रियान फ्लेक ने किया है। मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली एकल महिला सुपरहीरो फिल्म में ब्री लार्सन को मुख्य किरदार कैरल डेनवर्स के रूप में देखा जा सकेगा। 1968 में डेनवर को मार्वल कॉमिक की किताबों से परिचित कराया गया था। जो एक दुर्घटना का शिकार हो जाने के कारण सुपर पावर और उड़ान भरने की क्षमता जैसी शक्तियां पा लेती है।