सऊदी अरब में शराबबंदी, शालीन कपड़े पहनने और महिलाओं को लेकर सख़्त नैतिकता क़ानून है। इस देश में सार्वजनिक समारोहों में महिलाओं के शामिल होने के कड़े नियमों में पिछले साल क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने एक के बाद एक कई सुधार किए हैं।
पिछले साल शुरू किए गए विज़न 2030 के तहत तेल पर निर्भर इस अर्थव्यवस्था का सांस्कृतिक और मनोरंजन गतिविधियों पर घरेलू खर्च 2।9% से बढ़ाकर 6% करने का लक्ष्य रखा गया है। महिलाओं को कंसर्ट और फ़ुटबॉल मैच देखने की पहली बार इजाज़त दी गई।
साथ ही दिसंबर के महीने में पहली बार महिला गायिका, लेबनान की स्टार हिबा तावाजी का कंसर्ट का आयोजन किया गया। 24 जून 2018 से महिलाओं को ड्राइविंग करने की इजाज़त भी मिल गई। इन सब के बावजूद आज भी कई प्रतिबंध जारी हैं और महिलाओं को सख़्त ड्रेस कोड का पालन करना होता है। जिस महिला ने सिंगर मोहनदीस को गले लगाया वो नक़ाब पहने हुए थी।