राणा दग्गुबती अभिनीत फिल्म 'बाहुबली' का पहला लुक देखने के बाद अमिताभ बच्चन इतने ज्यादा प्रभावित हैं कि उन्होंने राणा दग्गुबती से विडियो चैट करते हुए फिल्म की तारीफों के पुल बांध दिए हैं। अमिताभ का कहना है कि ऐसे शानदार विजुअल्स देखकर मैं बेहद हैरान और आश्चर्यचकित हूं।
इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक, अमिताभ ने राणा से कहा है कि आपने बाहुबली का जो पहला लुक मुझे दिखाया है, यह बेहद शानदार है। मैं हैरान हूं कि आखिर आप इस तरह के सीन कैसे कर पाए।
अमिताभ को फिल्म के शानदार होने का भरोसा है उन्होने राणा दग्गुबती से कहा कि मुझे यकीन है कि फिल्म के बेहतरीन विजुअल्स की तरह कहानी भी शानदार होगी। उन्होने फिल्म के डायरेक्टर एस. राजामौली की भी तारीफ की।
ऐसे काम के सामने खुद को छोटा महसूस करता हूं: अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन ने कहा कि फिल्म में दिखाए गए कुछ एक्शन सीन को अभी तक सिर्फ हॉलीवुड फिल्मों में ही देखा जा सकता है। अमिताभ ने ये तक कहा कि मैं ऐसे काम के सामने मैं खुद को बेहद छोटा महसूस करता हूं, मुझे इस फिल्म में होना चाहिए था।
अमिताभ के अनुसार यह बेहद अच्छा प्रयास है। मुझे तो नहीं लगता कि आज के पहले कभी ऐसा कुछ भारतीय सिनेमा में देखा गया है। यह पहला मौका है जब इस तरह की कोशिश भारत में हो रही है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि लाखों-करोड़़ों लोग इस फिल्म को देखें।
भारत की सबसे बड़े बजट की फिल्म है 'बाहुबली'!
10 जुलाई को रिलीज होने वाली 'बाहुबली' तमिल और तेलुगु बन रही है। 'बाहुबली' को भारत की सबसे मंहगी फिल्म माना जा रहा है। फिल्म का बजट 250 करोड़ से भी ज्यादा होने का अनुमान है। फिल्म के निर्देशक एस. एस. राजमोली हैं।
करण जौहर के धर्मा प्रॉडक्शंस के साथ मिलकर बनी इस फिल्म में नई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। फिल्म के बाकी पीरियड फिल्मों से काफी अलग होने की उम्मीद की जा रही है। फिल्म को तमिल, तेलुगु के अलावा हिन्दी और मलयालम में भी डब करके रिलीज किया जाएगा।