हिंदू जनजागृति समिति (एचजेएस) ने शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन को देश से बाहर करने और भविष्य में उनके भारत प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की।
समिति ने यह मांग अपनी वेबसाइट पर अश्लीलता फैलाने और महिलाओं की गरिमा का अपमान करने के मद्देनजर की है। एचजेएस के प्रवक्ता उदय धुरी ने कहा कि एचजेएस ने ठाणे के डोंबीवली स्थित रामनगर पुलिस थाने के प्रमुख सुनील शिवड़कर के पास एफआईआर दर्ज कराई है।
धुरी ने कहा, "एफआईआर हमारी स्थानीय प्रतिनिधि अंजली पालन और अन्य के द्वारा दर्ज कराई गई है। इसके अलावा पिछले एक सप्ताह में हमने इसी तरह की दर्जन भर से अधिक शिकायतें महाराष्ट्र और गोवा के विभिन्न जिलों में दर्ज कराई हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।"
सनी लियोनी पर अपनी वेबसाइट के जरिए न्यूड और भड़काऊ तस्वीरों के माध्यम से अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इससे भारतीय युवा बिगड़ रहे हैं और भारतीय महिलाओं का अपमान हो रहा है।