हॉलीवुड अभिनेता और बेहतरीन गायक विल स्मिथ बीते कुछ दिनों से भारत मे हैं। वह भारतीय संस्कृति सभ्यता से भी खासे वाकिफ हैं यही वजह है कि कभी वह हरिद्वार में गंगा आरती कर रहे हैं तो कभी मुंबई में ऑटो चलाते हुए देखे जा रहे हैं। कल वह आगरा में थे और उन्होंने ताजमहल का भी दीदार किया।
मीडिया के एक कार्यक्रम में उन्होंने बॉलीवुड एक्टर फरहान अख्तर के साथ भांगड़ा भी किया। इसके बाद उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़े कई राज भी खोले। ऐसा माना जाता है कि पश्चिमी देशों में फ्री कल्चर की वजह से कोई रोक-टोक नहीं होती है और वहां शराब पीना आम बात होती है। लेकिन स्मिथ ने ऐसे कई खुलासे किए जिससे प्रेरणा ली जा सकती है। उन्होंने बताया कि शराब को हाथ उन्होंने 21 साल की उम्र तक नहीं लगाया था। शराब और नशा उनकी जिंदगी में कभी भी प्राथमिकता नहीं रही, शायद यही वजह है कि मैंने जिंदगी में कुछ अलग किया।
विल स्मिथ ने बताया कि महज 12 साल की उम्र में ही उन्होंने अपना पहला रैप सांग गाया था। जिसे काफी पसंद किया गया। यही नहीं महज 17 साल की उम्र में उन्होंने अपनी जिंदगी का पहला कांसर्ट किया। इसके लिए उन्हें एक व्यक्ति ने 1000 डॉलर की फीस दी थी।
वह हंसते हुए कहते हैं कि '1000 डॉलर मिल जाने के बाद मैंने ठान लिया था मैं अब ऐसा कभी कुछ नहीं करूंगा कि उस आदमी को यह लगे कि मुझे 1000 डॉलर नहीं देने चाहिए थे। इसके बाद मैं अपने काम को लेकर और केंद्रित होता चला गया। इसलिए मैंने अपने गानों को लेकर हर दिन और अधिक मेहनत करने लगा।
'मेन इन ब्लैक', 'बैड बॉयज' और 'हैनकॉक' जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग से लाखों दिलों को जीत चुके स्मिथ इंटरनेट और तकनीकी की दुनिया को अच्छा भी मानते हैं और बुरा भी। वह कहते हैं कि मेरे बच्चे बड़े हो रहे हैं और उन्हें इस माध्यम से दूर रखना संभव नहीं है क्योंकि यही आगे बढ़ने का सार है।
स्मिथ ने बताया कि इंटरनेट और तकनीक ने बचपन को काफी बदल कर रख दिया है। अगर आपके साथ या आपने कुछ गलत किया है तो महज छह मिनट के अंदर खबर पूरी दुनिया के सामने आ जाती है। सभी को पता चल जाता है कि आपने गलती कर दी है तब भी जब आप किशोर हैं या फिर छोटे हैं। यह बच्चों को बताना बहुत मुश्किल है।