दिशानी ने इंस्टाग्राम पर अपनी रोमांटिक प्रपोजल की तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में माइल्स घुटनों के बल बैठकर दिशानी को प्रपोज करते नजर आ रहे हैं। दिशानी ने अपनी सगाई की अंगूठी भी दिखाई है।
दिशानी चक्रवर्ती ने इन तस्वीरों के साथ लिखा, '06.12.2026 अब तक का सबसे आसान और प्यारा रिश्ता।' दोनों आने वाली 6 दिसंबर 2026 को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
दिशानी चक्रवर्ती, दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और योगिता बाली की गोद ली हुई बेटी हैं। उनका पालन-पोषण चक्रवर्ती परिवार में मिथुन के तीन बेटों मिमोह, उश्मी और नमाशी के साथ बिल्कुल सगे भाई-बहन की तरह हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिशानी को किसी ने बचपन में कोलकाता में एक कूड़े के ढेर के पास लावारिस छोड़ दिया गया था। जब मिथुन चक्रवर्ती को इस बात का पता चला, तो उन्होंने और उनकी पत्नी योगिता ने बच्ची को वहां से बचाया, कानूनी तौर पर गोद लिया और अपनी सगी बेटी की तरह पाला।
दिशानी ने भारत के बजाय अमेरिका में अपना करियर बनाया है। उन्होंने लॉस एंजिल्स के 'न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी' और 'ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट' से एक्टिंग और फिल्म मेकिंग की पढ़ाई की। वह हॉलीवुड में एक्टिव हैं और उन्होंने 'गिफ्ट' (Gift), 'होली स्मोक' (Holy Smoke), 'अंडरपास' (Underpass) और साल 2022 में 'आई द गेस्ट' (The Guest) जैसी कई शॉर्ट फिल्मों में काम, लेखन और निर्माण किया है।
दिशानी के मंगेतर माइल्स मंटजारिस भी हॉलीवुड और मनोरंजन उद्योग से जुड़े हैं। वे एक सिनेमैटोग्राफर, स्टेडीकैम ऑपरेटर और कलरिस्ट हैं। इसके अलावा, वे कई बड़े मार्केटिंग कैंपेन का हिस्सा भी रह चुके हैं।
मिथुन चक्रवर्ती भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक हैं। उन्होंने पिछले 5 दशकों में 350 से अधिक फिल्मों में काम किया है और देश-दुनिया में अपनी एक खास पहचान बनाई है। अब उनकी बेटी की सगाई की खबर से फैंस बेहद खुश हैं।