28 अप्रैल 2006 को कंगना की पहली फिल्म गैंग्स्टर रिलीज हुई थी। विडंबना है कि एक दशक में उनके तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों की उपलब्धियों तथा फिल्मों पर चर्चा के बजाए विवादों का हल्ला है। रितिक रोशन के बाद अध्ययन सुमन भी मैदान हैं। इस बीच कंगना ने इन विवादों के बजाय अपनी अगली फिल्म पर ध्यान देने का फैसला किया है।
-रितिक रोशन के साथ चल रहे विवाद के बीच कंगना रनौत ने अगली फिल्म की तैयारी शुरू कर दी है। हाल में निर्देशक विशाल भारद्वाज की फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद कंगना ने निर्देशक हंसल मेहता की फिल्म पर ध्यान केंद्रित कर दिया है। यह फिल्म पूरी तरह से कंगना पर फोकस रहेगी। फिल्म में कंगना का किरदार नेगेटिव है और वह एक गुजराती युवती की भूमिका निभाने जा रही हैं। फिल्म की तैयारी के लिए कंगना अगले सप्ताह गुजरात में रहेंगी। वहां पर वह करीब दस दिन तक गुजराती थियेटर देखेंगी और उसके कलाकारों से मुलाकात तथा वर्कशॉप करेंगी।
हाल के वर्षों में कंगना की यह तीसरी फिल्म होगी जिसमें वह क्षेत्र विशेष की भाषा या बोली तथा अंदाज को अपनाए हुए नजर आएंगी। रिवॉल्वर रानी में कंगना ने जहां बुंदेलखंड और चंबल के भाषाई अंदाज को पकड़ा था, वहीं पिछले साल तनु वेड्स मनु रिटर्न्स में वह हरियाणवी बोल रही थीं। हंसल की फिल्म में वह गुजराती टोन में बात करती नजर आएंगी। सूत्रों के अनुसार यह फिल्म अमेरिका के तीन राज्यों में चार बैंक डकैतियां करने वाली भारतीय मूल की युवती संदीप कौर के कारनामों से प्रेरित है। कंगना के अनुसार, ‘यह फिल्म बायोपिक नहीं है बल्कि एक गुजराती लड़की की कहानी है जो कैलिफोर्निया (अमेरिका) जाकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो जाती है। फिल्म मां-बेटी के रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है।’
सूत्रों का कहना है कि कंगना के लिए यह रोल काफी चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि इसमें वह न केवल गुजराती बनेंगी बल्कि ऐसी लड़की होंगी जिसने कई साल अमेरिका में बिताए हैं। ऐसे में उनकी भाषा में अमेरिकी अंग्रेजी टच भी होगा। बताया जा रहा है कि कंगना को किरदार में उतरने की मदद के लिए हंसल एक लंबा वर्कशॉप लगा रहे हैं।
फिल्म की शूटिंग कैलिफोर्निया और अमेरिका के अन्य हिस्सों में होगी। हंसल के लिहाज से यह उनके करिअर की सबसे महंगी फिल्म रहेगी क्योंकि इससे पहले उन्होंने अपनी सारी फिल्में मुंबई और देश के छोटे शहरों में शूट की हैं। फिल्म की शूटिंग मई-जून में होगी।