फिल्म दंगल के ओमकारा के किरदार ने अपारशक्ति खुराना पर अच्छा अभिनेता होने की मुहर लगा दी है। अपारशक्ति फिल्म दंगल में गीता और बबीता फोगाट के चचेरे भाई के किरदार में हैं। अपारशक्ति ने दिल्ली में आठ सालों तक रेडियो, थिएटर, वॉयस ओवर का काम करने के बाद मुंबई का रुख किया और अपनी जगह बनाई है।
अपारशक्ति ने बीबीसी हिंदी को बताया, "फिल्म दंगल ने बहुत कुछ बदल दिया। लोगों का नजरिया भी बदला लेकिन अब तो मैं भी अपने आप को सिरियसली लेता हूं।" आमिर खान से अपनी पहली मुलाकात को याद कर वे बताते हैं, "मैं उनके घर पहुंचा। उनका इंतजार करते हुए मैंने कुछ सेल्फी ले ली, क्या पता फिर कब आना हो। तभी वहां एक बूढ़ा सा आदमी आया। उसे देखकर मैंने सोचा, इस बंदे को कहीं देखा है। कुछ देर बाद पता चला कि ये तो महावीर सिंह फोगाट के लुक में आमिर जी खुद हैं।
आमिर खान इतने बड़े अभिनेता हैं लेकिन इगो कि जगह सादगी दिखती है। आप आधा गेम तो यूं ही जीत लेते हैं।"अपारशक्ति ने अपने बड़े भाई आयुष्मान खुराना के बारे में बताते हैं, "भैया 10वीं क्लास में पढ़ते थे और उन्होंने बहुत आत्मविश्वास से मंच पर अपनी लिखी कविता सुनाई थी।
वैसे तो उसी दिन से मेरे दिमाग में उनकी एक परफॉर्मर की छवि अंकित हो गई। भैया जल्दी से खुद को अभिव्यक्त नहीं करते। दंगल देखने के बाद जिस तरह उन्होंने मुझे गले लगाया, उन्होंने बहुत कुछ कह दिया। वैसे दंगल में जब रोल मिलने की बात कंफर्म हुई तो सबसे पहले मैंने मेरी बीवी को बताया था, आखिर लेडीलक भी काम करता है।" लेकिन आयुष्मान का रवैया हमेशा से ऐसा नहीं था।
दिल्ली लौट जाने को कह चुके हैं आयुष्मान
aayushman
उन्होंने एक बार अपारशक्ति को दिल्ली वापस लौट जाने के लिए कह दिया था। अपारशक्ति कहते हैं, "सात साल पहले मैं ट्रांस्फर लेकर मुंबई आया था, टीवी शो होस्टिंग का काम भी मिला। मुझे लगा सब सेट हो गया है।
तभी भैया एक रात मुझे कहते हैं, तुम अभी इस शहर के लिए तैयार नहीं हो। वो चाहते थे मुझे दिल्ली जाकर और मेहनत करनी चाहिए, स्पोर्ट्स पर भी ध्यान देना चाहिए। मैं दंग रह गया और घंटों रोता रहा। आखिर मैंने उनकी बात मान ली और मुंबई के लिए होमवर्क करने वापस दिल्ली चला गया।"
फिल्म दंगल में अपने रोल के बारे में वह कहते हैं, "दंगल में मेरे किरदार ओमकारा को खेल में इंट्रेस्ट नहीं था और मुझे भी जब क्रिकेट पर फोकस करना चाहिए था तब मैंने नहीं किया। लेकिन अगर युवराज सिंह की बायोपिक बनेगी तो मुझे उनका किरदार निभाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।" फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया में अपारशक्ति केमिओ कर रहे हैं। अपारशक्ति कहते हैं कि एक्टिंग और शो होस्टिंग के अलवा वे गाने लिखते हैं, कंपोज करते हैं और गाते भी हैं।