मेकअप आर्टिस्ट हैं शूरा खान
अरबाज खान और उनकी पत्नी शूरा ने रविवार को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शूरा ने रविवार सुबह बेटी को जन्म दिया है। हालांकि, कपल की ओर से अब तक इस बात की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और न ही उन्होंने कोई तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। शूरा को कल मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अरबाज खान जहां एक्टर और निर्देशक हैं, वहीं शूरा खान मेकअप आर्टिस्ट हैं। उन्होंने इंडस्ट्री की कई नामी हस्तियों के साथ काम किया है, जिनमें रवीना टंडन और उनकी बेटी राशा थडानी का नाम भी शामिल है।
सोच-समझकर लिया था शादी का फैसला
एक इंटरव्यू में अरबाज खान ने शूरा के साथ अपनी लव स्टोरी का जिक्र किया था। अरबाज ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों की शादी अचानक नहीं हुई थी। अरबाज के मुताबिक शादी का फैसला करने से पहले उन्होंने और शूरा ने एक साथ काफी समय बिताया था। अरबाज खान ने द इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक पुराने इंटरव्यू में बताया था, 'मेरी पत्नी (शूरा खान) मुझसे बहुत छोटी है। ऐसा नहीं है कि वह 16 साल की हैं। वह जानती थी कि वह अपने जीवन में क्या चाहती है और मैं जानता था कि मैं अपने जीवन में क्या चाहता हूं। हमने उस एक साल में एक साथ बहुत समय बिताया, ताकि वास्तव में यह देख सकें कि हम एक-दूसरे से क्या उम्मीद करते हैं? हम क्या चाहते हैं और हम अपने भविष्य को कैसे देख रहे हैं? शादी जैसे फैसले जल्दबाजी में नहीं लिए जाते हैं'।
कितना है उम्र का फासला?
शूरा खान और अपनी उम्र के बीच बड़े अंतर पर उन्होंने लोगों के रिएक्शन पर भी बात की। अरबाज खान ने कहा था, 'ऐसा नहीं है कि हमें इसकी जानकारी नहीं थी या हमने एक-दूसरे से इसे छुपाया था। एक लड़की होने के नाते शूरा को पता था कि वह क्या कर रही हैंऔर एक पुरुष होने के नाते मुझे पता था कि मैं क्या कर रहा हूं। एक ही उम्र के दो लोग एक साथ रह सकते हैं और शायद एक साल में अलग भी हो सकते हैं। तो क्या उम्र ही एकमात्र फैक्टर है, जो रिश्तों को टिकाए रखता है? खुद से पूछिए। दरअसल, जब भी आप देखते हैं कि जिन शादियों के बीच उम्र का बहुत बड़ा अंतर होता है, तो उनका सक्सेस रेट भी कहीं ज्यादा होता है'। अरबाज खान और शूरा खान के बीच उम्र का करीब 23 वर्ष का अंतर है। अरबाज खान की उम्र 58 वर्ष है। वहीं, ब्रिटिश-भारतीय मेकअप आर्टिस्ट शूरा खान का जन्म 18 जनवरी 1990 को हुआ। वे 35 वर्ष की हैं।