शाहरुख आपने 'कितने अवार्ड्स खरीदे?' ऐसा सवाल सुन कर किंग खान के भी होश उड़ गये। यू ट्यूब पर प्रसारित होने वाला 'द वायरल फीवर' शो ऐसी ही जगह है जहां सितारों की भी जम कर खिंचाई होती है। इसके अंतर्गत 'बेयर्ली स्पीकिंग विद अर्णब' में बिस्वपति, बड़े-बड़े सितारों से बेहद असहज सवाल पूछते हैं।
इसी शो पर बिस्वपति परिणीति चोपड़ा के 'मोटापे' का मज़ाक बनाने के अलावा रणवीर सिंह के सामने उन्हें बी ग्रेड का अभिनेता भी कह चुके हैं।
इंटरनेट पर ये शो जबरदस्त लोकप्रिय हो रहा है और सोशल मीडिया पर इसकी खासी चर्चा है। बिस्वपति ने बताया कि वो बार-बार सितारों से माफी मांगते रहते हैं और बताते हैं कि वो असल जिंदगी में बिल्कुल ऐसे नहीं है। अरुणाभ ने बताया कि शो में आने वाले मेहमानों को पहले ही बता दिया जाता है कि उनसे क्या सवाल पूछे जाएंगे।
शो के मेजबानी करने वाले बिस्वपति, आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग कर चुके हैं, लेकिन वो कुछ अलग करना चाहते थे। तब बिस्वपति ने अपने सीनियर अरुणाभ के साथ मिलकर इस शो की अवधारणा की। बिस्वजीत टीवीएफ का ही हिस्सा हैं और इसके क्रिएटिव डायरेक्टर हैं।
मजाक उड़ाये जाने के बावजूद आते हैं स्टार
आपने ज्यादातर फिल्मी कलाकारों के बेहद औपचारिक इंटरव्यू देखे होंगे, जहां पत्रकार एहतियात बरतते नजर आते हैं कि कलाकारों को कोई सवाल चुभ ना जाए। लेकिन इस प्लेटफॉर्म पर ऐसा नहीं होता। यहां खुलकर सितारों की परवाह किये बगैर उनसे तीखे सवाल पूछे जाते हैं और उनका जमकर मजाक उड़ाया जाता है।
कार्यक्रम के मेजबान हैं उड़ीसा के बिस्वपति, जो मशहूर टीवी एंकर अर्णब गोस्वामी के हाव-भाव और उनकी शैली की नकल करते हुए आमंत्रित मेहमानों से सवाल पूछते हैं और उनका मजाक उड़ाते हैं। शो इतना चर्चित हो रहा है कि शाहरुख खान जैसे सितारे अपनी फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' की रिलीज से पहले इसमें आने के लिए राजी हो गए।
कहीं ग्लैमर की भेंट तो नहीं चढ़ गया यह प्लैटफार्म
अपनी शुरुआत में हास्य और व्यंग्य के जरिए समसामायिक मुद्दों को उठाने वाले इस शो में आज फिल्मी स्टार की बाढ़ आयी हुई है। ऐसे में यह प्लेटफॉर्म फिल्मों के प्रमोशनल इवेंट से जुड़ता जा रहा है।
शो को बनाने वाले अरुणाभ से कहते हैं कि "बेयर्ली स्पीकिंग विद अर्णब' का आइडिया मुझे एक अंतरराष्ट्रीय शो, 'बिटवीन टू फर्न्स' से आया। कपिल शर्मा के शो में भी तो सितारे तभी आते हैं जब उनकी कोई फिल्म रिलीज होने वाली होती है। ये तालमेल पुराना है। यहां इसी हिसाब से काम करना पड़ता है।"
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन हम इस शो को सिर्फ बॉलीवुड पर ही आधारित नहीं करना चाहते। आगे के एपिसोड्स में हमने ऐसे मेहमानों को बुलाया है जिनका बॉलीवुड से कुछ लेना-देना नहीं है।"