एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा बनाई गई भारत की पहली ओरिजनल वेब सीरीज इनसाइड एज को एमी पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। यह सीरीज 20-20 क्रिकेट की दुनिया के आसपास घूमती है। ऋचा इसमें एक टीम की मालकिन जरीना मलिक की भूमिका में हैं। जो बेहद मजबूत होने के साथ-साथ अत्यंत महत्वाकांक्षी महिला हैं।
इस किरदार के लिए ऋचा ने कड़ा वर्क आउट किया है। इससे उनके शरीर में काफी परिवर्तन दिख रहा है। इसके अलावा उन्होंने अपने बाल भी कटवाए हैं। अपने इस पावर हेयरकट में एक पूर्ण बॉस की तरह दिखकर उन्होंने अपने प्रशंसकों की दिलचस्पी इस फिल्म के लिए बढ़ा दी है। इनसाइड एज सीजन-1 में विवेक ओबेरॉय, ऋचा चड्ढा, अंगद बेदी, तनुज वीरवानी, संजय सूरी सहित कई हस्तियां सशक्त भूमिका में नजर आ रही हैं।
सीरीज का दूसरा सीजन अभी तैयार हो रहा है। इसकी शूटिंग जॉर्जिया में की जा रही है। प्रशंसकों को यह देखने के लिए इंतजार करना होगा कि जरीना मलिक और भाई साहब का आगे क्या होता है और शो में आगे कौन से मोड़ आते हैं। अभी के लिए तो यह जश्न मनाने का समय है कि एक बड़े अवॉर्ड के लिए ऋचा की वेब सीरीज नॉमिनेट हुई है।