भारत और जर्मनी के सहयोग से बनी और भारत के नक्सली इलाकों में शूट की गई निर्देशक उदिता भार्गव की फिल्म डस्ट का प्रीमियर बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में होने जा रहा है। इस फिल्म फेस्टिवल में दो और भारतीय महिला निर्देशकों की फिल्में भी दिखाई जाएंगी। ये फिल्में हैं निर्देशक जोया अख्तर की फिल्म गली बॉय और निर्देशक रीमा दास की फिल्म बुलबुल कैन सिंग।
ऑस्कर विजेता फिल्म स्लमडॉग मिलिनेयर के निर्देशक डैनी बॉयल के साथ काम कर चुकीं उदिता की फिल्म भारत में नक्सलवाद की कहानी कहती है। उदिया कहती हैं, ‘फिल्म डस्ट की यात्रा बर्लिन फिल्म फेस्टिवल से शुरू हो रही है, ये पूरी टीम का हौसला बढ़ाने वाली बात है। फिल्म की यूनिट के तमाम सारे लोग बर्लिन से ही हैं और इसके चलते ये मौका हमारे लिए खास जश्न का भी है। मुझे जोया और रीमा की फिल्मों से भी बहुत उम्मीदें हैं और मैं दोनों की फिल्में जरूर देखूंगी। और, अपनी फिल्म देखने का निमंत्रण भी दोनों को जरूर दूंगी।’
फिल्म डस्ट में अबू बकर गोलू, कल्याणी मुले, अमृता बागची के अलावा मशहूर अभिनेता विनय पाठक की अहम भूमिकाएं हैं।