फिल्म निर्माता विधु विनोद चोपड़ा की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म '12वीं फेल' बॉक्स ऑफिस पर जबर्दस्त प्रदर्शन के साथ शानदार हिट बन गई है। फिल्म को दर्शकों और आलोचकों से समान रूप से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। वहीं, अब आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की भूमिका निभाने वाले विक्रांत मैसी ने पुष्टि की है कि '12वीं फेल' ने स्वतंत्र नामांकन के रूप में ऑस्कर के लिए आवेदन किया है।
ऑस्कर में पहुंची फिल्म
हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान विक्रांत ने फिल्म उद्योग में अपनी यात्रा के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि जब वे सिर्फ 15 साल के थे तो कैसे उन्हें काम की तलाश में मजबूर होना पड़ा, क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि उनकी कॉलेज की फीस उनके पिता पर बोझ बने। मनोरंजन की दुनिया में विक्रांत का सफर टेलीविजन से शुरू हुआ। उन्हें लोकप्रिय टेलीविजन शो 'कुबूल है' में अयान अहमद खान की भूमिका से पहचान मिली, जो 2012 से 2013 तक प्रसारित हुआ। वहीं अब उन्होंने अपने जिंदगी का खास पड़ाव भी पार कर लिया है। उन्होंने बताया है कि उनकी फिल्म '12वीं फेल' को स्वतंत्र नामांकन के रूप में ऑस्कर के लिए भेजा गया है।
डांसर भी हैं अभिनेता
टीवी से अपना करियर शुरू करने वाले अभिनेता ने यह भी बताया कि वह एक डांसर हैं और उन्होंने श्यामक डावर से प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने स्टेज पर जमकर डांस भी किया। विक्रांत ने बॉलीवुड सिनेमा में भी एक सफल बदलाव किया है। वह उन फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, जिन्होंने अपनी कहानी और प्रदर्शन के लिए आलोचकों की प्रशंसा हासिल की है।
'12वीं फेल' की कहानी
वहीं बात करें अभिनेता की फिल्म के बारे में तो विधु विनोद चोपड़ा की '12वीं फेल' 27 अक्टूबर को दुनिया भर में हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ में रिलीज हुई थी। फिल्म में विक्रांत मैसी ने मनोज की भूमिका निभाई है और मेधा शंकर ने मुख्य भूमिका निभाई है। '12वीं फेल' अनुराग पाठक के उपन्यास पर आधारित है, जो आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा और आईआरएस अधिकारी श्रद्धा जोशी की जीवन यात्रा पर आधारित है।