नेटफ्लिक्स के लिए साल 2020 का आगाज खराब करने वाले फिल्म कोलाज घोस्ट स्टोरीज की सबसे अच्छी कहानी निर्देशित करने वाली जोया अख्तर अब लस्ट स्टोरीज और घोस्ट स्टोरीज की चौकड़ी से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह इस चौकड़ी में एंट्री हुई है विक्रमादित्य मोटवानी की और ये चौकड़ी फिर से मिलकर चार फिल्मों का नया कोलाज बनाने की तैयारी कर रही है। प्लेटफॉर्म फिर वही होगा, नेटफ्लिक्स।
जानकारी के मुताबिक नेटफ्लिक्स ने फिल्म निर्देशक और निर्माता अनुराग कश्यप, करण जौहर, दिबाकर बनर्जी और विक्रमादित्य मोटवानी के साथ चार फिल्मों पर फिर काम करने की योजना बनाई है। अनुराग कश्यप की फिल्म का नाम है 'चोक्ड' और इस फिल्म में अभिनेत्री सयामी खेर और मलयालम अभिनेता रोहन मैथ्यू मुख्य भूमिका निभाएंगे। अनुराग बताते हैं, 'मुझे नेटफ्लिक्स अब अपना घर जैसा लगने लगा है। मैं इसके साथ अपनी हर रचना को पूरी आजादी के साथ पेश कर सकने में सक्षम रहा हूं। मुझे भरोसा है कि 'चोक्ड' की कहानी हर श्रेणी के दर्शकों को पसंद आएगी।'
करण जौहर की फिल्म में शेफाली शाह, मानव कौल, फातिमा सना शेख और नुसरत भरुचा जैसे दमदार कलाकार दिखेंगे। दिबाकर बनर्जी की फिल्म भविष्य में 25 साल आगे की कहानी कहने की कोशिश करेगी। उनकी फिल्म के मुख्य कलाकारों में मनीषा कोईराला, नसीरुद्दीन शाह और हुमा कुरैशी शामिल हैं।
विक्रमादित्य मोटवानी की कहानी इस नई पहल का असली आकर्षण है। फिल्म का नाम है एके वर्सेज एके और इसमें अनिल कपूर के सामने विलेन बनेंगे अनुराग कश्यप। अनिल कपूर फिल्म को लेकर खासे उत्साहित हैं। वह कहते हैं, 'विक्रम और अनुराग के साथ इस फिल्म में काम करना यकीनन एक असाधारण अनुभव होगा। मैं अब और इंतजार नहीं कर सकता।'