कई शानदार दक्षिणी फिल्मों का निर्देशन करने वाले डायरेक्टर बाला अपनी एक और धमाकेदार फिल्म के साथ नजर आने वाले हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म का नाम 'वर्मा' है। खास बात यह है कि इस फिल्म से साउथ सिनेमा के सुपरस्टार विक्रम के बेटे ध्रुव बड़े परदे पर डेब्यू कर रहे हैं। अंग्रेजी वेबसाइट इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार 19 साल के ध्रुव की फिल्म 'वर्मा' साल 2016 में बनी 'अर्जुन रेड्डी' का रीमेक है। वर्मा में वह एक दीवाने प्रेम की भूमिका में दिखाई देंगे।
1 मिनट 8 सेकेंड की इस टीजर में ध्रुव बेहद अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री मेघा मुख्य भूमिका में दिखाई दे रही हैं। बतौर कलाकार मेघा की भी यह पहली फिल्म है। टीजर को देखकर कहा जा सकता है कि यह एक लव स्टोरी ड्रामा फिल्म है, जिसमें एक लड़का प्रेमिका के प्यार में किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
फिल्म 'वर्मा' में इन दोनों के अलावा ईश्वरी राव और राजिया विल्सन जैसी दिग्गज कलाकार भी हैं। खबरों की मानें तो अभी फिल्म 'वर्मा' के पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है। मेकर्स ने फिल्म को इसी साल रिलीज करने की योजना बनाई है। वहीं बात करें 'वर्मा' के रीमेक फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' की तो इस फिल्म में विजय देवरकोंडा और शालिनी पांडे मुख्य भूमिका में थीं। यह साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक है।