छोटे पर्दे पर 'ये रिश्ता क्या कहलाता है', 'फियर फैक्टर' और 'बिग बॉस' जैसे शोज से खूब चर्चा में रहीं अभिनेत्री हिना खान के बड़े पर्दे पर डेब्यू का मुहूर्त निकल आया है। बतौर हीरोइन हिना की पहली फिल्म अगले साल 31 जनवरी को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म का नाम है 'हैक्ड'। साइबर क्राइम पर आधारित इस हॉरर फिल्म के निर्देशक हैं विक्रम भट्ट।
इन दिनों थोक के भाव में थ्रिलर और हॉरर फिल्में व वेब सीरीज बना रहे विक्रम भट्ट ने अपनी फिल्म 'हैक्ड' का ऐलान इसी साल मार्च में किया था। फिल्म की शूटिंग अब पूरी हो चुकी है और इसका पोस्ट प्रोडक्शन तेजी से चल रहा है। फिल्म में हिना खान एक फैशन मैगजीन की संपादक के तौर पर दिखेंगी। फिल्म ये दिखाने की कोशिश करेगी कि क्या होगा अगर कोई शख्स आपकी निजी जिंदगी में इंटरनेट के जरिए दाखिल हो जाए।
फिल्म 'हैक्ड' में हिना खान के साथ रोडन शाह, मोहित मल्होत्रा और सिड मक्कड़ भी खास किरदारों में दिखेंगे। विक्रम भट्ट कभी आमिर खान के साथ फिल्म 'गुलाम' बनाकर सुर्खियों में आए थे। हिंदी सिनेमा में हॉरर फिल्मों की शक्ल सूरत बदलने वाली ट्रेंड सेटर फिल्म राज के भी वह निर्देशक रहे। विशेष फिल्म्स के वह खास निर्देशक रहे हैं लेकिन इस कंपनी से नाता तोड़ने के बाद से वह बी और सी ग्रेड फिल्में व वेब सीरीज ही बना रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
बॉलीवुड के सबसे 'उम्रदराज' दूल्हे, किसी ने 50 तो किसी ने 70 की उम्र में की शादी