यह तीसरा मौका होगा, जब इमरान हाश्मी और विद्या बालन की जोड़ी बनेगी। मिली जानकारी के मुताबिक विशेष फिल्म्स ने इमरान हाश्मी और विद्या बालन को लीड भूमिकाओं में लेकर एक फिल्म बनाने का निर्णय ले लिया है।
इस फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी करेंगे। 100 करोड़ क्लब में पहुंची 'आशिकी 2' का निर्देशन कर चर्चा में आए मोहित सूरी इमरान और विद्या की जोड़ी को पहली बार निर्देशित करेंगे।
विशेष फिल्म्स के मुकेश भट्ट का कहना है कि दर्शक 'द डर्टी पिक्चर' की इस सुपर हिट जोड़ी को बार-बार देखना चाहते हैं। हालांकि सच यह भी है कि इस जोड़ी की पिछली फिल्म घनचक्कर को दर्शकों ने कोई भाव नहीं दिया।
राजकुमार गुप्ता के निर्देशन में बनी 'घनचक्कर' बॉक्स ऑफिस में पिट गई थी। लेकिन मोहित सूरी का कहना है कि वे 'द डर्टी पिक्चर' वाला जादू दोबारा जगाएंगे। अभी उनकी इस फिल्म का टाइटल नहीं रखा गया है और फिल्म का विषय बताने के लिए वे अभी तैयार नहीं हैं।