14 दिसंबर को होने वाली विद्या बालन और सिद्धार्थ रॉय कपूर की शादी के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंगलवार को शादी से पहले संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संगीत कार्यक्रम में बॉलीवुड से भी कुछ लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार कुछ खास लोग ही इस कार्यक्रम में शरीक होंगे। खबर है कि विद्या और सिद्धार्थ ने संगीत फंक्शन में इंडस्ट्री से जुड़े अपने फ्रेंड्स को इनवाइट किया है। गौरतलब है कि विद्या तमिल हैं, जबकि सिद्घार्थ पंजाबी, इसलिए संगीत का फंक्शन तमिल-पंजाबी मिक्स थीम पर इंजॉय किया जाएगा। संगीत कार्यक्रम में अलग-अलग स्टाईल के गानों पर नृत्य देखने को मिलेगा।
विद्या के करीबी एक सूत्र ने बताया कि विद्या के यहां संगीत की तैयारियां जोरों पर हैं, जबकि सिद्धार्थ के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। हालांकि सिद्धार्थ के दोनों भाई, कुणाल और आदित्य कपूर इस मौके के लिए कुछ स्पेशल प्लान कर रहे हैं। वहीं विद्या के कजन्स ने भी उनके हिट सॉन्ग्स पर परफॉर्म करने की प्लैनिंग की है। खास बात यह है कि इसमें विद्या
और सिद्घार्थ भी स्पेशल परफॉर्मेंस देंगे। अगर सबकुछ ठीक रहा तो हो सकता है कि विद्या खुद पर फिल्माए गए गाने ऊ ला ला पर थिरकती नजर आएं।