मशहूर निर्माता, निर्देशक और अभिनेता धीरज कुमार को सोमवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें निमोनिया की शिकायत हो गई है। बहरहाल, उनकी हालत गंभीर है। अभी वह आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं।
धीरज कुमार को हुआ निमोनिया
IANS की एक खबर के मुताबिक, धीरज कुमार को निमोनिया हो गया है। उनके परिवार और प्रोडक्शन टीम ने बताया कि डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रख रहे हैं और उन्हें पूरी चिकित्सा दी जा रही है। परिवार ने उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना की और लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने को कहा।
धीरज कुमार का करियर
धीरज कुमार ने 1965 में मनोरंजन उद्योग में कदम रखा। वह सुभाष घई और राजेश खन्ना के साथ एक टैलेंट शो में फाइनलिस्ट थे, जिसमें राजेश खन्ना विजेता बने। धीरज ने 1970 से 1984 तक 21 पंजाबी फिल्मों में काम किया। उन्होंने क्रिएटिव आई नाम की प्रोडक्शन कंपनी शुरू की, जिसके वह अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। फिल्म 'स्वामी' का गाना 'का करूं सजनी, आए ना बालम' उन पर फिल्माया गया था। उन्होंने 'हीरा पन्ना' और 'रातों का राजा' जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। हाल ही में, धीरज नवी मुंबई के खारघर में इस्कॉन मंदिर के उद्घाटन में शामिल हुए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की सनातन धर्म के प्रसार में की गई कोशिशों की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि इस्कॉन मंदिर में आकर उन्हें शांति मिली और वहां के लोगों का प्यार उन्हें बहुत छू गया। धीरज कुमार ने "ओम नमः शिवाय" और "श्री गणेश" जैसे धारावाहिक बनाए हैं।