यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (यूएसएआईडी, USAID) ने सोमवार को वीना रेड्डी को अपना मिशन निर्देशक (Mission Director) नियुक्त किया है। वीना ने पहली भारतीय-अमेरिकी यूएसएआईडी मिशन निदेशक के रूप में कार्यभार संभाला है।
इस बात की जानकारी यूएसएआईडी ने अपने ट्विटर के जरिये दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'वीना रेड्डी ने हमारे नए मिशन निर्देशक के रूप में शपथ ली है। वह यूएसएआईडी-इंडिया का नेतृत्व करने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी होंगी, जो दोनों देशों के सर्वश्रेष्ठ का प्रतिनिधित्व करती हैं, और अपने अद्वितीय अनुभवों का लाभ उठाकर यूएस-इंडिया की विकास साझेदारी को मजबूत करने का लक्ष्य रखती हैं।'
वीना ने हैती में उप मिशन निर्देशक के रूप में काम किया है, जहां उन्होंने भूकंप के बाद के पुनर्निर्माण प्रयासों, चुनाव समर्थन, आर्थिक विकास, खाद्य सुरक्षा हस्तक्षेप, तूफान प्रतिक्रिया, और एक नई रणनीति के विकास का निरीक्षण किया था।
वीना रेड्डी न्यूयॉर्क में रोजर्स एंड वेल्स में लंदन और लॉस एंजिल्स में अकिन गंप स्ट्रॉस हाउर और फेल्ड में एक कॉर्पोरेट वकील थीं। उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ से ज्यूरिस डॉक्टरेट (जेडी) और शिकागो विश्वविद्यालय से एमए और बीए की डिग्री हासिल की है। वह न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया बार की सदस्य भी हैं।