बॉलीवुड कलाकार वरुण धवन इन दिनों अपनी फिल्म 'सुई धागा- मेड इन इंडिया' को लेकर काफी चर्चा में हैं। इस फिल्म में अदाकारा अनुष्का शर्मा मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी-खासी कमाई भी कर रही है। इस बीच वरुण धवन की एक और बहुचर्चित फिल्म 'रणभूमि' को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। गौरतलब है कि वरुण धवन 'सुई धागा- मेड इन इंडिया' के बाद जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले थे, लेकिन इस फिल्म की शूटिंग को एक बार फिर से टाल दिया है।
बताया जा रहा है कि फिल्म 'रणभूमि' में वरुण के साथ एक्टर शशांक खेतान भी मुख्य नजर आएंगे। खबरों की मानें तो फिल्म 'रणभूमि' की शूटिंग को दूसरी एक्शन फिल्म की वजह से टाला गया है। जी हां वरुण और शशांक रणभूमि से पहले करण जौहर की एक्शन-थ्रिलर फिल्म में काम करना चाहते हैं, जिसके चलते इसकी शूटिंग को आगे बढ़ाया गया है।
इस बात की जानकारी खुद शशांक ने मीडिया से बात करते हुए दी है। उन्होंने बताया कि करण जौहर की इस फिल्म की कहानी पूरी तरह से तैयार भी हो चुकी है। इस वजह से 'रणभूमि' की शूटिंग को टाला गया है। फिलहाल करण जौहर द्वारा प्रोड्यूस वरुण धवन और शशांक खेतान की इस फिल्म का क्या नाम होगा इस बात का खुलासा नहीं हो सका है। 'रणभूमि' की घोषणा इस साल ही शुरुआत में हुई थी।