#MeToo अभियान की आंच बॉलीवुड के साथ टॉलीवुड पहुंच गई है। दक्षिण सिनेमा की जानी-मानी प्लेबैक सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने उनके साथ यौन शोषण करने वाले व्यक्ति के नाम का खुलासा किया है। ये कोई और नहीं बल्कि तमिल कवि, गीतकार और लेखक वैरामुत्तु हैं।
चिन्मयी के आरोपों के बाद अब वैरामुत्तु का बयान आया है। वैरामुत्तु ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि 'अगर ऐसा सच है तो उन्हें मेरे खिलाफ केस करना चाहिए। मैं सीनियर वकीलों और इंडस्ट्री के लोगों से इस बारे में बात कर रहा हूं। मैं यह चुनौती स्वीकार करता हूं। मैं सबूत इकट्ठे कर रहा हूं जिससे उन्हें गलत साबित कर सकूं। मैं अच्छा हूं या बुरा, इसे लेकर कोई जज ना करें।'
चिन्मयी श्रीपदा ने ट्विटर पर लिखा- 'मैं 19 साल की थी तब अपनी मां के साथ एक बहुत ही सम्मानित व्यक्ति से मिलने गई थी। मैं अपनी मां के साथ थी लेकिन मुझे उसने अकेले अपने रूम में बुलाया। मुझे अजीब नहीं लगा क्योंकि उसने ऐसा कुछ व्यवहार नहीं किया था लेकिन जैसे ही मैं उसके कमरे में गई उसने मुझे गले लगा लिया। इसके बाद मैं अपना हाथ छुड़ाकर भागने लगी तो उन्होंने मेरा फोन और बैग पकड़ लिया। इस घटना के बाद मैं काफी परेशान भी रही।' चिन्मयी श्रीपदा ने अब यह बताया कि यह इंसान कोई और नहीं बल्कि पद्म भूषण सम्मानित तमिल कवि, गीतकार और लेखक वैरामुत्तु हैं।