पहले दिन 'वध 2' ने कितने कमाए?
फिल्म 'वध 2' का निर्देशन जसपाल सिंह संधू ने किया है। इसमें नीना गुप्ता और संजय मिश्रा के अलावा योगिता बिहानी, कुमुद मिश्रा, अक्षय डोगरा और शिल्पा शुक्ला जैसे सितारे हैं। खबर लिखे जाने तक सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने 31 लाख रुपये का कारोबार किया है।
लागत के अनुसार कितना है कलेक्शन?
फिल्म 'वध 2' कम बजट की फिल्म है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। शुरुआती आंकड़ों में फिल्म की पहले दिन की कमाई अभी दस फीसदी से भी कम है। अगर पहले दिन कोई फिल्म बजट का दस फीसदी कमाती है तो उसे औसत प्रदर्शन माना जाता है। 20 फीसदी कमाई अच्छा प्रदर्शन। इससे अधिक कमाई सुपरहिट होने का संकेत माना जाता है। हिट होने के लिए फिल्म को कम से कम एक करोड़ रुपये की ओपनिंग लेनी होगी।
बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म से मुकाबला
फिल्म 'वध 2' का बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला कॉमेडी फिल्म 'भाबीजी घर पर हैं- फन ऑन द रन' से हुआ है। लोकप्रिय धारावाहिक 'भाबी जी घर पर हैं' की तर्ज पर बनी यह मूवी भी 06 फरवरी को थिएटर्स में सजी है। इसमें अधिकांश स्टारकास्ट सीरियल वाली ही नजर आई है। दोनों फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन की बात करें तो 'वध 2' बेहतर स्थिति में है। 'भाबी जी घर पर हैं' ने पहले दिन 19 लाख रुपये कमाए हैं।
फिल्म 'वध 2' का कलेक्शन
इस फिल्म की शुरुआत साल 1994 से होती है, जहां मंजू देवी (नीना गुप्ता) को डबल मर्डर के इल्जाम में 28 साल की सजा सुनाई जाती है। 28 साल से मंजू जिस जेल में बंद हैं उसी जेल का गार्ड शंभुनाथ मिश्रा (संजय मिश्रा) उससे प्यार करता है। शंभु जेल की सब्जियां चुराकर बाहर बेचता है और मंजू को जो भी मदद चाहिए होती है वो उसे उपलब्ध कराता है। दूसरी तरफ जेल के एक बिगड़ैल कैदी केशव (अक्षय डोगरा) की, 23 वर्षीय महिला कैदी नैना (योगिता बिहानी) पर नजरें खराब हो जाती हैं। एक रात कुछ ऐसा होता है कि केशव जेल से गायब हो जाता है। जांच बैठती है। आगे की पूरी कहानी केशव को ढूंढने और उसके साथ क्या हुआ? इस बारे बात करती है।