गायक और संगीतकार अक्षत पारिख संगीत की दुनिया के उभरते हुए कलाकार हैं। हाल ही रिलीज हुई वेब सीरीज 'बंदिश बैंडिट्स' के कलाकारों को अक्षत पारिख ने ट्रेनिंग दी। इसमें वो कैमियो रोल में भी दिखे हैं। यह वेब सीरीज संगीत के इर्द गिर्द बुनी गई है। 'बंदिश बैंडिट्स' और उनकी यात्रा के बारे में आज हम उनसे विस्तार से बात करेंगे। अक्षत शाम पांच बजे अमर उजाला के यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज पर लाइव होंगे।
अक्षत मूलत: गुजरात के अहमदाबाद के रहने वाले हैं। संगीत उन्हें विरासत में मिली है। उनके पिता गायक हैं। उनके दादा भी मशहूर गायक थे। वो दिवंगत पंडित जसराज के मेवाती घराना से ताल्लुक रखते हैं। सात साल की उम्र से अक्षत ने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी।
अक्षत देश के पहले ऑनलाइन रियलिटी शो क्लोजअप वेब सिंगर के फाइनलिस्ट थे। उन्हें सीरियल 'महाराणा प्रताप' के लिए बेस्ट टाइटल ट्रैक का अवॉर्ड भी मिल चुका है। अक्षत ने देश- विदेश में कई स्टेज शोज किए हैं।