अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहने वाले सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने हाल ही में फिर से एक आपत्तिजनक ट्वीट कर दिया। इसके बाद ट्विटर ने उनका अकाउंट सस्पेंड कर दिया है। अभिजीत ने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय की छात्रा और पूर्व जेएनयू छात्रसंघ उपाध्यक्ष शेहला राशिद पर ये टिप्पणी की थी।
बता दें कि शेहला राशिद ने बीजेपी नेताओं को लेकर एक ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने लिखा था, 'ISI के लिए बीजेपी नेता गुजरात से लेकर बंगाल और मध्य प्रदेश तक सेक्स रैकेट, बच्चों की तस्करी और जासूसी कर रहे हैं।' इसे रिट्वीट करते हुए अभिजीत ने शेहला के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक ट्वीट किया।
अभिजीत के इस ट्वीट के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इसके बाद ट्विटर ने अभिजीत का अकाउंट सस्पेंड कर दिया। अभिजीत का अकाउंट सस्पेंड होने के बाद शेहला ने ट्विटर यूजर्स का धन्यवाद किया।
इस बारे में अभिजीत ने PTI से बात करते हुए कहा, 'अरुंधति रॉय और जेएनयू को सपोर्ट करने वाले लोगों की वजह से मेरा अकाउंट सस्पेंड हुआ है। मैंने देखा कि वो परेश रावल के अकाउंट को भी बंद करने की मांग कर रहे थे।'
बता दें कि हाल ही में अभिजीत ने परेश रावल के ट्वीट का सपोर्ट करते हुए कहा था अरुंधति राय को गोली मार दी जानी चाहिए। उनके इस ट्वीट पर भी लोगों ने काफी आपत्ति जताई गई थी।