देश में टीवी चैनलों और उन पर चलने वाले कार्यक्रमों का विश्लेषण करके आंकड़े प्रदान करने वाली कंपनी ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (बार्क) ने पिछले हफ्ते का डाटा जारी कर दिया है। नए आंकड़ों के हिसाब से देशभर में अब भी अभिनेता प्रभास और अनुष्का शेट्टी की फिल्म 'बाहुबली- द कंक्लूजन' की धाक जमी हुई है। मुफ्त में टीवी देखने वाले उपभोक्ताओं को अक्षय कुमार की फिल्म 'केसरी' ने लुभाया तो पैसे खर्च करने वाले चैनल देखने वालों के बीच 'बाहुबली 2' ही छाई रही।
देशभर में हिंदी भाषी चैनलों पर पिछले हफ्ते सिर्फ दक्षिण भारतीय फिल्मों का ही क्रेज रहा। लेकिन, इस बार कुछ हिंदी फिल्में भी टॉप फाइव में जगह बनाने में कामयाब रहीं। देश में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में पहले नंबर पर सोनी मैक्स की 'बाहुबली- द कंक्लूजन' रही तो दूसरा नंबर स्टार गोल्ड पर आईपीएल ने पाया। अक्षय कुमार ने भी टीवी दर्शकों पर प्रभाव छोड़ा और तीसरा नंबर उनकी फिल्म 'केसरी' को मिला। चौथे नंबर पर फिल्म 'केजीएफ' रही तो पांचवां नंबर सलमान खान, सैफ अली खान, करिश्मा कपूर, सोनाली बेंद्रे आदि कलाकारों से सजी फिल्म 'हम साथ साथ हैं' लोगों की पसंद बनी।