सान्या ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरा किया दस साल का सफर
पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा, अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा का कहना है कि हिंदी फिल्मों में उनका 10 साल का सफर बहुत अद्भुत और संतोषजनक रहा है। उन्हें मिले मौकों के लिए वह बहुत खुश और आभारी हैं। फिलहाल, सान्या अभिनेता राजकुमार राव के साथ नेटफ्लिक्स की नई कॉमेडी फिल्म 'टोस्टर' में नजर आ रही हैं। यह फिल्म राजकुमार और पत्रलेखा की कंपा फिल्म्स की पहली फिल्म है।
कैसे मिली सान्या को फिल्म 'टोस्टर'
सान्या ने बताया कि उन्होंने और राजकुमार राव ने पहले 'हिट: द फर्स्ट केस' और 'लूडो' में साथ काम किया था, लेकिन 'टोस्टर' में पहली बार उन्होंने साथ में इतना समय बिताया है। राज ने उन्हें फोन करके फिल्म के बारे में बताया तो सान्या ने स्क्रिप्ट पढ़े बिना ही हां कर दी। उन्होंने कहा, 'अगर राज इसमें हैं, तो फिल्म अच्छी ही होगी।'
राजकुमार और पत्रलेखा ने की सान्या की तारीफ
राजकुमार राव ने कहा कि सान्या ने इस फिल्म में कॉमेडी में अपना सबसे अच्छा अभिनय किया है। वह स्क्रीन पर बहुत मजेदार लगती हैं। पत्रलेखा ने भी कहा कि सान्या सेट पर बहुत मस्ती करती थीं। सान्या की उम्मीद है कि उनकी आने वाली फिल्मों को भी दर्शकों का इतना ही प्यार मिलेगा।
क्या है 'टोस्टर' की कहानी
फिल्म 'टोस्टर' की कहानी एक कंजूस आदमी की है, जिसकी शादी खत्म हो जाती है। इसके बाद वह शादी के तोहफे में मिले टोस्टर को वापस लेने की कोशिश करता है। सान्या मल्होत्रा इस आदमी की पत्नी का रोल निभा रही हैं। यह फिल्म भारतीय परिवार की साधारण लेकिन प्यारी कहानी है, जो हल्के-फुल्के अंदाज में बताई गई है। फिल्म बुधवार 15 अप्रैल से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग हो रही है।
यह भी पढ़ें: कंगना रनौत ने आठ घंटे की शिफ्ट को लेकर दीपिका पादुकोण का किया समर्थन, बोलीं- 'उन्होंने यह कमाया...'