फिल्म में दो हीरोइनें हो तो खटपट की खबरें आम हैं। परंतु टीना आहूजा अपनी पहली ही फिल्म सेकेंड हैंड हसबेंड में मुश्किलों का सामना कर रही हैं। को-स्टार गीता बसरा से उनके संबंध सहज नहीं हैं और दोनों के झगड़े में कॉमेडियन कपिल शर्मा सीन में आ गए हैं। क्या है माजरा?
विज्ञापन
गोविंदा की बेटी टीना आहूजा का करिअर अभी बॉलीवुड में शुरू तक नहीं हुआ है और उन्हें गिराने की कोशिशें होने लगी हैं! शुक्रवार को टीना की पहली फिल्म सेकेंड हेंड हसबैंड रिलीज होने जा रही है। मगर फिल्म से जुड़े सूत्रों की मानें तो टीना को लेकर फिल्म के कुछ कलाकार सहज नहीं हैं।
वे इस बात से नाराज हैं कि प्रमोशन में सेकेंड हेंड हसबैंड को टीना की पहली फिल्म बता कर प्रचार किया जा रहा है। इससे बाकी लोगों का महत्व कम हो गया है। सबका ध्यान टीना पर जा रहा है। रोचक बात यह है कि इस विवाद में टेलीविजन के सुपर सितारे कपिल शर्मा का भी नाम आने लगा है।
विज्ञापन
कपिल शर्मा कर रहे टीना आहूजा को नजरअंदाज
जबकि फिल्म से उनका कोई संबंध नहीं है। चर्चा है कि कपिल भी उन लोगों का साथ दे रहे हैं, जो टीना के खिलाफ हैं। वैसे कपिल कॉमेडी किंग कहे जाने वाले टीना के पिता गोविंदा को कई बार अपना आदर्श और गुरु तक बता चुके हैं।
टीना को लेकर कपिल का उपेक्षापूर्ण रवैया उसी दिन से लोगों की नजरों में है, जब पिछले महीने मुंबई में सेकेंड हैंड हसबैंड का ट्रेलर लॉन्च हुआ था। इस मौके पर कपिल भी टीम को शुभकामनाएं देने पहुंचे थे। तब सबने देखा कि किस तरह कपिल पूरे कार्यक्रम में टीना को नजरअंदाज करते रहे।
उन्हें वहां मौजूद फिल्म की पूरी टीम के साथ हैलो-हाय किया, मगर गोविंदा की बेटी की तरफ देखा भी नहीं! जबकि गोविंदा सामने बैठे थे। टीना पूरे कार्यक्रम में इस उम्मीद से कपिल को देखती रही कि वह शायद उन्हें अब पहचानें, तब पहचानें।
उनसे हाथ मिलाएं या मंच से उनके बारे में कुछ बोलेंगे। परंतु ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। हर कोई हैरान था कि क्या कपिल टीना से नाराज हैं या टीना और उनके बीच किस प्रकार का तनाव है?
गीता बसरा की वजह से कपिल के शो में नहीं गई टीना!
इसके बीस-बाईस दिन बाद एक बार फिर कपिल के द्वारा टीना की उपेक्षा उस समय सामने आई जब कॉमिडी नाइट्स विद कपिल में सेकेंड हैंड हसबैंड की लीड टीम तो दिखी, मगर टीना आहूजा गायब थीं! शो में फिल्म के हीरो गिप्पी ग्रेवाल, धर्मेंद्र और गीता बसरा पहुंचे।
फिल्म और कपिल के शो से जुड़े सूत्रों की मानें तो यह मामला कपिल और टीना के बीच तनाव का उतना नहीं है, जितना टीना और फिल्म की दूसरी हीरोइन गीता बसरा के बीच प्रतिद्वंद्विता का। सूत्रों का कहना है कि गीता और उनके क्रिकेटर बॉयफ्रेंड हरभजन सिंह की कपिल से बहुत अच्छी दोस्ती है।
इसीलिए कपिल पूरी तरह से टीना की उपेक्षा कर रहे हैं। वह नहीं चाहते कि टीना की वजह से गीता और हरभजन से उनकी दोस्ती में दरार आ जाए। फिल्म से सूत्रों के अनुसार टीना और गीता के बीच शुरू से तनाव रहा है।
गीता के करीबी सूत्र बताते हैं कि वह टीना को फिल्म के प्रचार में आगे रखे जाने से बेहद नाराज हैं। दोनों के बीच तनाव की स्थिति यह है कि वह एक मंच पर साथ में दिखना नहीं चाहतीं। मीडिया में आई खबरों के अनुसार जब टीना को पता चला कि कपिल के शो में पूरी टीम जा रही तो उन्होंने कहा कि गीता के साथ नहीं जाना चाहतीं।
उधर, गीता भी टीना के साथ नहीं दिखना चाहती थीं। ऐसे में जब कपिल के पास दोनों में से किसी एक हीरोइन को शो के लिए चुनने का सवाल आया तो उन्होंने तुरंत अपनी दोस्त गीता को चुना। शो के सूत्रों के अनुसार योजना फिल्म की पूरी टीम के साथ एपिसोड शूट करने की थी, परंतु ऐसा हो नहीं पाया।
दूसरी तरफ टीना अपने खिलाफ हो रही तमाम बातों को नजरअंदाज करते हुए जोर-शोर से अपनी पहली फिल्म को प्रमोट कर रही हैं। कपिल के शो में वह भले नहीं गईं, मगर दूसरे कुछ शो में वह जरूर नजर आईं। वह उस डांस शो में भी गई थीं, जिसमें उनके पिता जज की भूमिका निभा रहे थे।
इन विवादों के बावजूद अच्छी बात यह है कि कलाकार आपसी मतभेदों और झगड़ों का असर फिल्म पर नहीं पड़ने देना चाहते। वे मीडिया में इस संबंध में कुछ नहीं कह रहे हैं। लेकिन देखना होगा कि शुक्रवार को फिल्म की रिलीज के बाद क्या वे चुप रह सकेंगे?