चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे की डेब्यू फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2' का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। फिल्म के दूसरे शेड्यूल की शूटिंग शुरू हो चुकी है। अनन्या पांडे के अलावा फिल्म में टाइगर श्रॉफ और तारा सुतारिया भी नजर आने वाली हैं। इस बीच फिल्म की रिलीज डेट को लेकर खबर सामने आ रही है।
तरण आदर्श ने ट्वीट कर फिल्म की नई रिलीज डेट बताई है। टाइगर श्रॉफ की ये फिल्म अब 10 मई 2019 को रिलीज होगी। यानी कि करीब 10 महीने बाद। पहले ये फिल्म इस साल 23 नवंबर को रिलीज होने वाली थी। पुनीत मल्होत्रा इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं।
इस फिल्म में टाइगर की जोड़ी नई नवेली एक्ट्रेस अनन्या पांडे और तारा सुतारिया के साथ जमेगी। बता दें कि यह साल 2012 में आई करण जौहर की फिल्म का सीक्वल है। फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से वरुण धवन, आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने 6 साल पहले अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।