आमिर खान हमेशा कुछ अलग करते हैं। बड़े सितारों की फिल्मों के टिकटों की दर में बढ़ोतरी होना पिछले कुछ बरसों से एक चलन बन गया था, परंतु आमिर ने इसे तोड़ने का फैसला किया है।
दर्शकों के लिए अच्छी खबर यह है कि आमिर की शुक्रवार को रिलीज हो रही फिल्म पीके के टिकटों का रेट नहीं बढ़ाया जाएगा। आमिर और निर्माता-निर्देशक राजू हिरानी ने यह फैसला किया है। चेन्नई एक्सप्रेस, धूम-3 और किक जैसी फिल्मों के टिकट बीते समय में महंगे बेचे गए थे ताकि निर्माता ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमा सकें।
आमिर और राजू हिरानी पीके पर पिछले पांच साल से काम कर रहे थे और इसे 2014 की सबसे बड़ी फिल्म माना जा रहा है। इस जोड़ी की पिछली फिल्म थ्री इडियट्स ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े थे। क्या पीके ऐसा कर सकेगी, यह सवाल सबके मन में है।
अटकलें लग रही थीं कि दूसरी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ने के लिए पीके के टिकटों के दाम बढ़ाए जा सकते हैं, परंतु फिल्म की टीम ने ऐसा न करने का फैसला किया है। फिल्म की एडवांस बुकिंग सोमवार से शुरू कर दी गई है। फिल्म को देश के करीब 4500 स्क्रीन और विदेश के 820 स्क्रीन में रिलीज किया जा रहा है।