महिमा चौधरी
शाहरुख खान के साथ फिल्म 'परदेस' के जरिए अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वालीं अभिनेत्री महिमा चौधरी अपनी पहली ही फिल्म से इंडस्ट्री में छा गई थीं। पूरी इंडस्ट्री में उनकी खूबसूरती के चर्चे होने लगे थे। 'परदेस' की सफलता ने महिमा चौधरी को उड़ान दी, और इसके बाद अभिनेत्री 'लज्जा', 'धड़कन', 'दिल क्या करे', 'दाग : द फायर', 'दिल है तुम्हारा', 'सेहर', 'बागबान', 'सैंडविच' और 'कुरुक्षेत्र' जैसी फिल्मों का हिस्सा बनीं। लेकिन, सफलता ने जितनी जल्दी महिमा के कदम चूमे, उतनी ही जल्दी उनके साथ हुए एक हादसे ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। बात फिल्म 'दिल क्या करे' की शूटिंग के दौरान की है। शूट पर जाते वक्त महिमा की कार का एक्सीडेंट हो गया। उस दौरान डॉक्टर्स ने उनके चेहरे की सर्जरी करते वक्त करीब 67 कांच के टुकड़े निकाले थे। अभिनेत्री का चेहरा काफी बिगड़ गया था, और यही वजह रही कि उन्होंने धीरे-धीरे इंडस्ट्री से दूरी बना ली थी।
चंद्रचूड़ सिंह
फिल्म 'जोश' और 'माचिस' से बॉलीवुड की दुनिया में धमाल मचाने वाले चंद्रचूड़ सिंह का नाम भी इन्हीं सितारों की लिस्ट में शामिल है। दोनों फिल्म से अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता की जिंदगी में तब बड़ा बदलाव आया था, जब उनका एक्सीडेंट हो गया था। सड़क दुर्घटना में चंद्रचूड़ के दोनों कंधों को बहुत चोट पहुंची थी। कंधों में हुए नुकसान के कारण वो लंबे वक्त के लिए फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो गए थे और बतौर अभिनेता उनका करियर खत्म हो गया था।
जीनत अमान
जीनत अमान का नाम हिंदी सिनेमा की बहुत ही बोल्ड अभिनेत्रियों में गिना जाता है। वह अपनी खूबसूरती के कारण हर निर्माता-निर्देशक की पसंद बन गई थीं। लेकिन, जीनत अमान को उस वक्त फिल्म इंडस्ट्री में काम मिलना बंद हो गया था, जब उनके पूर्व पति अभिनेता संजय खान ने उनके साथ मारपीट की थी। इस मारपीट में उनकी आंख जख्मी हो गई थी। उनकी आंख इस कदर खराब हो गई थी कि उन्हें फिल्मों में लेने से लोग कतराने लगे थे। ऐसे में जीनत अमान बड़े पर्दे से गायब हो गई थीं।
अनु अग्रवाल
जब भी लोग अनु अग्रवाल का नाम लेते हैं, तभी सभी को फिल्म 'आशिकी' में हंसती-खिलखिलाती और शर्माती हुई एक हसीन लड़की याद आती है। आशिकी के जरिए अनु अग्रवाल पर्दे के साथ-साथ लोगों के दिलों-दिमाग में भी छा गई थीं। अपनी मासूमियत से सभी के दिलों में जगह बनाने वाली अनु अग्रवाल को बॉलीवुड से ही नहीं साउथ से भी कई फिल्मों के ऑफर मिलने लगे थे। लेकिन साल 1999 में एक एक्सीडेंट हुआ था, जिसके बाद अभिनेत्री कोमा में चली गई थीं और सब कुछ भूल भी गई थीं। उनका चेहरा भी बिगड़ गया था। ऐसे में एक हादसे ने उन्हें इंडस्ट्री से दूर कर दिया।