अपने हर किरदार से एक नया ट्रेंड सेट करने वाले सितारे आमिर खान के हॉलीवुड फिल्म फॉरेस्ट गम्प की रीमेक बनाने के साथ ही भारतीय सिनेमा की तमाम सितारों की नजरें हॉलीवुड पर जा टिकी हैं। सलमान खान की फिल्म भारत भी हालांकि एक विदेशी फिल्म की रीमेक लेकिन इसकी मूल फिल्म कोरियाई भाषा में बनी है। सिर्फ हॉलीवुड फिल्मों के रीमेक की बात करें तो इन दिनों परिणीति चोपड़ा और टाइगर श्रॉफ इस कतार में शामिल हो चुके हैं। और अब ताजा नाम इस लिस्ट में जुड़ा है फिल्म दृश्यम में अजय देवगन की पत्नी बनीं श्रेया सरन का।
परिणीति चोपड़ा इन दिनों हॉलीवुड फिल्म द गर्ल ऑन द ट्रेन के रीमेक पर काम कर रही हैं, वहीं टाइगर जल्द ही सिल्वेस्टर स्टेलोन की मशहूर एक्शन फिल्म रैमबो पर काम शुरू करेंगे। खबर है कि अब साउथ की मशहूर अदाकारा श्रिया सरन भी एक हॉलीवुड फिल्म के रीमेक में काम करने जा रही हैं। श्रेया हिन्दी फिल्मों में आखिरी बार अजय देवगन की पत्नी के किरदार में फिल्म दृश्यम में नजर आई थीं।
सूत्रों की मानें तो श्रिया मशहूर अदाकारा सैंड्रा बुलक की फिल्म 'द प्रोपोजल' की तमिल रीमेक में काम कर रही हैं। फिल्म का काफी हिस्सा लंदन में फिल्माया भी जा चुका है। फिल्म में श्रिया अदाकारा सैंड्रा बुलक के किरदार को निभाती नजर आएंगी। फिल्म में श्रेया के अपोजिट मशहूर कलाकार विमल हैं। फिल्म का नाम संदाकारी रखा गया है जिसे डायरेक्ट आर मधेश कर रहे हैं।
बताया जाता है कि इस फिल्म की प्रेरणा इसके निर्माताओं को मलयालम फिल्म 'माई बॉस' देखने के बाद मिली। बता दें कि फिल्म 'माई बॉस' सैंड्रा की फिल्म 'द प्रपोजल' का रीमेक है।