साल का पहला दिन यानी कि एक जनवरी इसलिए भी खास है क्यों कि आज के दिन एक नहीं हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों का जन्मदिन है। इसमें से कुछ सितारें फिल्मों में सक्रिय हैं तो कुछ इंडस्ट्री को बाय बोल चुके हैं। आज नाना पाटेकर, सोनाली बेंद्रे, विद्या बालन, असरानी, आशीष चौधरी, टुनटुन और सियाली भगत का जन्मदिन है। एक साथ एक ही दिन इतने सितारों का जन्मदिन ही एक जनवरी को खास बना दे रहा है।
जिन सितारों का आज जन्मदिन है उसमें सबसे ज्यादा सक्रिय और चर्चित विद्या बालन हैं। विद्या अपनी पिछली दो हिट फिल्मों 'कहानी' और 'डर्टी पिक्चर' के अलावा अपनी निजी जिंदगी की वजहों से भी चर्चा में रहीं है। विद्या की पिछले महीने ही शादी हुई है। उन्होंने यूटीवी के सीईओ सिद्वार्थ रॉय कपूर से शादी की है। शादी के बाद विद्या फिर से फिल्मों में सक्रिय होंगी। जून के महीने में उनकी फिल्म 'घनचक्कर' रिलीज हो रही है।
दूसरे बर्थडे ब्वॉय नाना पाटेकर पहले ही कह चुके हैं कि अब वह वही रोल करेंगे जिसे करने में उन्हें संतुष्टी होगी। लंबे समय के बाद नाना पाटेकर रामगोपाल वर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म 26/11 में नजर आएंगे। यह फिल्म मुंबई में हुए आतंकी हमलों पर आधारित है। इसके अलावा नाना इस साल कुछ और बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं।
सोनाली बेंद्रे फिल्मों से सन्यास ले चुकी हैं। लगभग दस साल पहले उन्होंने गोल्डी बहल से शादी कर ली है। सोनाली बेंद्र आखिरी बार 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'कल हो न हो' में दिखी थीँ। अब सोनाली दोबारा फिल्मों में सक्रिय होने जा रहीं हैँ। 2013 में रिलीज हो रही फिल्म 'वन्स अपॉन ए टाइम मुंबई अगेन' में सोनाली नजर आएंगी। सोनाली एक बच्चे की मां भी हैं।
आशीष चौधरी और असरानी का भी जन्मदिन
आज ही के दिन असरानी और आशीष चौधरी का भी जन्मदिन है। इन दोनों कलाकारों ने 'धमाल' फिल्म में बाप और बेटे की भूमिका निभाई थी। यह दोनों ही कलाकार मल्टीस्टार फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। आशीष चौधरी की कई मल्टीस्टारर फिल्में सफल रहीं हैँ। अपनी शुरूआती दौर में आशीष चौधरी कुछ फिल्मों में सोलो हीरो के रूप में भी नजर आए थे। आने वाले साल में आशीष 'धमाल' और 'डबल धमाल' फिल्मों की सीक्वल फिल्म 'टोटल धमाल' में नजर आएंगे। हास्य कलाकार असरानी की फिल्मी पारी के कई रूप देखने को मिले हैं।
असरानी ने अपने कॅरियर की शुरुआत सहनायक के रूप में की है। बाद में वह कॉमेडियन के किरदार में लगातार नजर आते रहे। अस्सी और नब्बे के दशक में असरानी इंडस्ट्री के प्रमुख कॉमेडियन रहे हैं। असरानी की दूसरी पारी 2000 के बाद रिलीज हुई फिल्मों में दिखी है। 'दे दना दन', 'मालामाल वीकली', 'धमाल', 'चुप चुपके', 'आल द बेस्ट', 'बिल्लू', 'बोल बच्चन', 'एजेंट विनोद' और 'जोकर' जैसी फिल्मों में असरानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। असरानी ने 1997 में रिलीज हुई फिल्म 'उड़ान' सहित कई फिल्मों का निर्देश्ान भी किया है।
अपनी अदाओं से हंसाती रहीं टुनटुन
2003 में इस दुनिया से विदा ले लेने वाली हास्य कलाकार टुन टुन का भी आज जन्मदिन है। टुनटुन पांच दशक तक हिंदी फिल्मों में सक्रिय रहीं हैं। 1950 में रिलीज हुई फिल्म 'बाबुल' टुनटुन की पहली और 1989 में रिलीज हुई फिल्म 'शहजादे' उनकी अंतिम फिल्म थी। टुनटुन का हास्य अपनी तरह का अलग हास्य था। चलने और बोलने की स्टाईल के अलावा टुनटुन अपने गुस्सा होने के ढंग से दर्शकों को खूब हंसाती रही हैं। जॉनी वाकर के साथ टुनटुन के कुछ अच्छे दृश्य हैं। आज ही के दिन मॉडल और एक्टर सियाली भगत का भी जन्मदिन हैं। सियाली कई फिल्मों का हिस्सा होने के साथ-साथ मॉडलिंग के क्षेत्र में सक्रिय रहीं हैं।