तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। तनुश्री से शुरू हुआ Metoo अभियान इस वक्त बॉलीवुड में अपने उफान पर है। हर दिन नए सेलिब्रिटी का नाम सामने आने से सभी हैरान हैं। तो वहीं तनुश्री और नाना पाटेकर का मुद्दा मीडिया से होता हुआ पुलिस तक पहुंच चुका है।
नाना पाटेकर ने तनुश्री दत्ता को लीगल नोटिस भेजा है वहीं तनुश्री ने भी नाना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। ताजा खबर के मुताबिक तनुश्री दत्ता के वकील ने एक कदम आगे बढ़ते हुए सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप झेल रहे नाना पाटेकर, गणेश आचार्य, सामी सिद्दीकी और राकेश सारंग का नार्को टेस्ट कराने की अर्जी मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में दी है।
इससे पहले तनुश्री के वकील ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र के महिला आयोग को 40 पेज के दस्तावेज सौंपे थे। इस दस्तावेज में साल 2008 में दायर पुलिस रिपोर्ट और अन्य फिल्म निकायों के बाद के पत्राचार में उनकी पिछली शिकायत शामिल है।
बता दें तनुश्री का आरोप है कि साल 2008 में आई फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' के लिए उन्हें एक आइटम नंबर शूट करना था। शूटिंग के दिन नाना पाटेकर भी सेट पर मौजूद थे। तनुश्री का आरोप है कि शूट के दौरान नाना ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की और विरोध करने के बाद उन्हें फिल्म से निकाल दिया गया।