सलमान खान मोस्ट अवेटेड फिल्म 'भारत' की शूटिंग शुरू कर चुके हैं। इसके अलावा सलमान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'रेस 3' के प्रमोशन में भी बिजी हैं। 'भारत' में सलमान खान के साथ प्रियंका चोपड़ा के अलावा दिशा पाटनी को भी कास्ट किया गया है। अब फिल्म को लेकर निर्देशन अली अब्बास जफर ने एक बड़ा ऐलान किया है।
अली अब्बास जफर ने ट्वीट कर बताया सलमान खान अभिनीत इस फिल्म में तब्बू भी नजर आने वाली हैं। बता दें कि तब्बू ने सलमान खान के साथ कई फिल्मों में काम किया है। तब्बू इस फिल्म में महत्वपूर्ण रोल में नजर आने वाली है। फिल्म के निर्देशक अली अब्बास जफर ने मुंबई मिरर से बात करते हुए कहा है कि, ‘मैं तब्बू का बहुत बड़ा फैन रहा हूं और हमेशा से उनके साथ काम करना चाहता था। मैं खुश हूं कि अब यह मुमकिन हो पा रहा है। हम बहुत खुश है।’
‘भारत’ सलमान खान की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है। फिल्म का बजट करीब 180 करोड़ रुपए रखा गया है। फिल्म ‘भारत’ साल 2014 में आई दक्षिण कोरियाई फिल्म ‘ओड टू माई फादर’ की कहानी पर आधारित है।
इस फिल्म को सलमान के बहनोई अतुल अग्निहोत्री प्रोड्यूस कर रहे हैं। बता दें कि फिल्म में सुनील ग्रोवर भी नजर आएंगे। सुनील इस फिल्म में सलमान के दोस्त के किरदार में दिखेंगे। सलमान की दूसरी फिल्मों की ही तरह ये फिल्म भी एक्शन से भरपूर होगी। इस फिल्म में सलमान का लुक ‘मैने प्यार किया’ के प्रेम जैसा दिखाया जाएगा।