कोविड-19 से संक्रमित पाई गईं दिग्गज अभिनेत्री और टॉक शो की मेजबानी करने वाली तबस्सुम अब ठीक होकर घर लौट आईं हैं। बीते दिनों उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उनके बेटे और अभिनेता-फिल्म निर्माता होशांग गोविल ने यह जानकारी दी।
पीटीआई को दिए एक बयान में अभिनेता-फिल्म निर्माता ने बुधवार रात कहा कि उनकी मां वायरस के नकारात्मक परीक्षण के बाद घर लौट आई हैं। होशांग ने तबस्सुम की अस्पताल से बाहर निकलते हुए एक तस्वीर भी साझा की। उन्होंने कहा अपने प्रशंसकों के प्यार और आशीर्वाद की वजह से मां वायरस से लड़कर घर लौट आईं हैं। भगवान महान है।
बता दें, 76 वर्षीय अभिनेत्री मार्च के अंत में अपने घर पर अपने डिजिटल शो "तबस्सुम टॉकीज" की शूटिंग कर रही थीं, जिसके ठीक दो दिन बाद उन्हें कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया।
तबस्सुम को दूरदर्शन के लंबे समय से चलने वाले शो "फूल खिले हैं गुलशन गुलशन" की मेजबानी के लिए जाना जाता है।