29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस (National Sports Day 2019) के रूप में मनाया जाता है। यह दिन देश के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती का है। इस खास मौके पर तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर की फिल्म सांड की आंख का एक नया पोस्टर सामने आया है।
दरअसल कुछ दिन पहले ही फिल्म सांड की आंख का टीजर रिलीज हुआ था। जिसे दर्शकों का काफी प्यार मिला था। वहीं फिल्म में तापसी और भूमि ने अपने लुक्स से भी जमकर वाहवाही लूटी थी। टीजर के बाद अब नेशनल स्पोर्ट्स डे के मौके पर फिल्म से नया स्टिल रिलीज किया गया है जिसमें दोनों स्पोर्ट्स को प्रमोट कर रही हैं। इस पोस्टर में तापसी और भूमि एक स्टेडियम के बीच में नजर आ रही हैं। वहीं उनके चेहरे पर जीत की खुशी भी नजर आ रही है।
बात इस फिल्म की करें तो इसमें दो दादियों की कहानी को दिखाया जाएगा जो एक बेहतरीन शूटर हैं। वहीं फिल्म में तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर के किरदार को निभाती नजर आएंगी। गौरतलब है कि ये फिल्म दो दादियों की असल जिंदगी पर आधारित है। फिल्म दिवाली के मौक पर 25 अक्टूबर 2019 में रिलीज होगी। इस फिल्म के डायरेक्टर तुषार हीरानंनदानी और प्रोड्यूसर अनुराग कश्यप हैं।
वहीं इस खास मौके पर रिलायंस एंटरटेनमेंट ने भी एक छोटा सा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो में उन स्पोर्ट्स फिल्मों का जिक्र है जिन्होंने खेल और उससे जुड़े किरदारों को बड़े पर्दे पर बड़ा बनाया। इस वीडियो में भाग मिल्खा भाग, रणवीर सिंह की 83, और तापसी पन्नू- भूमि पेडनेकर स्टारर सांड की आंख को जगह मिली है।