टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार ने अपने ऊपर लगे यौन शोषण के आरोपों के चलते अज्ञात महिला के खिलाफ मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करवाई है। इसके बाद भूषण की पत्नी और एक्ट्रेस दिव्या कुमार खोसला ने पति का बचाव करते हुए एक ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने लिखा है 'मेरे पति टी-सीरीज के मालिक हैं जिसको पूरी मेहनत और लगन से आज इस मुकाम पर लाया गया है, यहां तक कि लोग भगवान कृष्ण के भी खिलाफ खड़े हो गए थे, हालांकि #MeToo कैंपेन समाज से बुरे लोगों की सफाई कर रहा है लेकिन कुछ लोग इसका गलत फायदा उठा रहे हैं, मगर मैं हर हाल में अपने पति के साथ हूं जो अपने पिता का सपना पूरा कर रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश लोग बिना किसी आधार और सबूत के ऐसे घिनौने आरोप लगा रहे हैं।'
बता दें ट्विटर पर एक अज्ञात महिला ने भूषण कुमार पर आरोप लगाया है कि उनके प्रोडक्शन हाउस की तीन फिल्मों के गीत गाने के बदले उनसे उन्होंने यौन संबंध बनाने को कहा था। महिला ने आगे कहा था-जब मैंने संबंध बनाने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो मुझे भूषण की तरफ से करियर बर्बाद करने की धमकियां भी दी गईं थीं।
इस मामले में भूषण कुमार का बयान भी सामने आया। कुमार ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है, आरोपों का इस्तेमाल मेरी इमेज को खराब करने के लिए किया जा रहा है।
कुमार ने अपने एक बयान में कहा है, ‘मैं यह जानकर बहुत दुखी और हताश हूं कि एक महिला ने #MeToo की इस मुहिम में मुझ पर इस तरह का घिनौना आरोप लगाया है। मैं बस यही कहना चाहता हूं कि सारे आरोप बेबुनियाद हैं। मैं हमेशा महिलाओं को उनका हक देने की बात करता रहा हूं। यह मेरी छवि को खराब करने की साजिश है।
बता दें इस मामले में अब तक विकास बहल, आलोक नाथ, कैलाश खेर, साजिद खान, रजत कपूर जैसे कई बड़े नाम सामने आ चुके हैं।