पूर्व मिस युनिवर्स और अभिनेत्री सुष्मिता सेन और पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम ने मीडिया में फैली उन खबरों का जोरदार खंडन किया, जिनमें कहा जा रहा था कि दोनों शादी करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने मीडिया से कहा कि उसे लोगों की निजता का सम्मान करना चाहिए।
मीडिया के एक वर्ग में ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि ये दोनों पिछले कुछ वर्षों से एक-दूसरे के प्रेम में हैं और जल्दी ही विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। सुष्मिता ने ट्विटर पर इस मामले को स्पष्ट किया।
उन्होंने लिखा कि अकरम उनके अच्छे दोस्त हैं, इससे अधिक कुछ नहीं। उन्होंने लिखा कि वह पिछले कुछ समय से अकरम से अपनी शादी की योजना के बारे में पढ़ रही हैं, जो पूरी तरह बकवास है। वह सिर्फ मेरे दोस्त हैं और हमेशा रहेंगे।
उधर अकरम ने भी अफवाहों का खंडन किया और कहा कि वह अपना पूरा समय दो बच्चों के साथ बिताना चाहते हैं। उनकी निकट भविष्य में शादी करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं इन अफवाहों से तंग आ चुका हूं।
यही कारण है कि इस बार मैंने आईपीएल से दूरी बना ली। मैं अपने दोनों बेटों को समय देना चाहता हूं, जो बड़े हो रहे हैं और उन्हें पिता की जरूरत है।
मालूम हो कि अकरम की पत्नी हुमा का अक्तूबर 2009 में निधन हो गया था। उसके बाद से वह अकेले हैं। अकरम के अनुसार, "मेरा पूरा ध्यान बच्चों पर है। मेरी जिंदगी में उनके अलावा कोई योजना नहीं है।"
सुषमा और अकरम की मुलाकात 2008 में टीवी शो ‘एक खिलाड़ी एक हसीना’ के दौरान हुई थी और उसके बाद कुछ मौकों पर उन्हें साथ देखा गया था। तभी से उन अफवाहों को पंख लगने शुरू हो गए।
सुष्मिता ‘सिंगल पेरेंट’ हैं और उनकी रीनी और अलीशा नाम की गोद ली हुई दो बेटियां हैं। सुष्मिता ने ट्विटर पर अपने प्रशंसकों से कहा कि वे सब उनके परिवार की तरह हैं। वह जब भी किसी से शादी करेंगी, उसके बारे में सबको खबर करेंगी।