सुशांत सिंह राजपूत की दोस्त स्मिता सिंह ने इंदौर पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। मामले में स्मिता सिंह ने अहम जानकारी मुहैया करवाई है। उन्होंने मध्य प्रदेश के इंदौर के डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र से सुरक्षा मांगी है। स्मिता अभी मुंबई से इंदौर के सोमानी नगर (एरोड्रम) क्षेत्र में रिश्तेदार के पास रहने आई हैं। उन्होंने रिया चक्रवर्ती की करीबी डेबिलिना पर उनकी आईडी हैक करने का आरोप लगाया है।
साल 2017 से स्मिता सिंह और सुशांत सिंह राजपूत अच्छे दोस्त रहे हैं। वो सुशांत की बहन और जीजा को भी अच्छे से जानती हैं। स्मिता ने सुशांत की मौत के बाद आत्महत्या पर सवाल उठाए थे। वो लगातार सुशांत को न्याय दिलाने के लिए कैंपेन चला रही हैं। शनिवार को स्मिता परिजनों के साथ डीआईजी मिश्र के पास पहुंचीं। उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज करवाते हुए सुरक्षा की मांग की। स्मिता का दावा है कि उनकी आईडी हैक कर उनके मैसेज फैलाए जा रहे हैं।
डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र ने बताया कि स्मिता मुंबई से आई हैं। वह सुशांत सिंह राजपूत को लंबे समय से जानती हैं। मामले में उनके पास कई अहम जानकारियां हैं। अभी वो इंदौर में रहना चाहती हैं। उन्होंने सुरक्षा मांगी है जिसके बाद संबंधित थाने को अलर्ट कर दिया है। पेट्रोलिंग और डॉयल-100 की टीम भी लगाई है। वह जहां रुकी हैं वहां आसपास स्थानीय पुलिस लगा दी है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में एम्स के मेडिकल बोर्ड ने सुशांत सिंह राजपूत की हत्या की आशंका को खारिज करते हुए इसे 'फंदे से लटक कर खुदकुशी' करने का मामला बताया है। एम्स की रिपोर्ट के बाद अभिनेता के परिवार के वकील विकास सिंह ने कहा कि सीबीआई को सौंपी गई एम्स की राय से वह बहुत परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वह जांच एजेंसी के प्रमुख से अनुरोध करेंगे कि मामले में नई फॉरेंसिक टीम का गठन किया जाए।