सुशांत सिंह राजपूत और दिशा पाटनी की केमेस्ट्री को दर्शकों ने 'एम एस धोनी' फिल्म में काफी पसंद किया था। अब खबरों का यकीन करें तो दोनों एक बार फिर साथ दिख सकते हैं।
खबरें हैं कि सुशांत की आने वाली फिल्म 'रॉ' में दिशा का नाम फाइनल कर लिया गया है। इस फिल्म की लीडिंग लेडी के नाम पर काफी विचार विमर्श हो रहा था। रॉ यानि रोमियो अकबर वॉल्टर। इस फिल्म का एक पोस्टर रिलीज किया जा चुका है। फिल्म में सुशांत एक जासूस बने हैं और इसकी कहानी 1971 की लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है। 'रोमियो अकबर वॉल्टर' को रॉबी ग्रेवाल डायरेक्ट करेंगे, जो पहले 'समय: वेन टाइम स्ट्राइक्स' और 'मेरा पहला पहला प्यार' जैसी फिल्में बना चुके हैं।
ये भी पढ़ें: कैट के बाद सुशांत का भी आया 'टॉवेल लुक'
सुनने में ये भी आ रहा था कि दिशा को सुशांत की दूसरी फिल्म 'चंदा मामा दूर के' भी ऑफर हुई थी लेकिन उन्हें फिल्म का किरदार कुछ खास पसंद नहीं आया। इस फिल्म में सुशांत एस्ट्रोनॉट की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
सुशांत जल्द ही कृति सैनन के साथ फिल्म 'राब्ता' में नजर आएंगे। ये पहली बार है जब दोनों की जोड़ी पर्दे पर दिखाई देगी। फिल्म का ट्रेलर और कुछ गाने रिलीज किए जा चुके हैं जो दर्शकों को काफी पसंद भी आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: 'राब्ता' का ट्रेलर रिलीज, कृति-सुशांत की गजब केमेस्ट्री