'काई पो चे' और 'एमएस धोनी' जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की नई फिल्म ‘किज्जी और मनय’का फर्स्ट लुक सामने आ गया है। सुशांत सिंह राजपूत के साथ इस फिल्म में संजना सांघी नजर आएंगी। ‘किज्जी और मनय’ का निर्देशन मुकेश छाबड़ा ने किया है।
खबरों की मानें तो यह फिल्म हॉलीवुड फिल्म ‘फॉल्ट इन अवर स्टार्स’का रीमेक है। बात करें ‘किज्जी और मनय’ के फर्स्ट लुक की तो फिल्म का पहला पोस्टर काफी दिलचस्प है। पोस्टर में सुशांत सिंह और संजना सांघी एक बस की छत पर बैठे नजर आ रहे हैं। पोस्टर में संजना ने सुशांत सिंह के कंधे पर सिर रखा हुआ है। वहीं सुशांत सिंह अपने सिर के पीछे साउथ सुपरस्टार रंजनीकांत का मास्क लगाए हुआ नजर आ रहे है।
फिल्म के फर्स्ट लुक को सुशांत सिंह राजपूत और डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। बताया जा रहा है कि कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा के बतौर डायरेक्टर ‘किज्जी और मनय’ उनकी पहली फिल्म है। इस फिल्म की शूटिंग जमशेदपुर में शुरू कर दी गई है। बात करें सुशांत सिंह राजपूत की अन्य फिल्मों की तो उन्होंने हाल ही में अभिषेक कपूर की फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग को खत्म किया है। वहीं बीते दिनों चंबल के डाकुओं पर बन रही फिल्म 'सोनचिरिया' का भी फर्स्ट लुक जारी हुआ है।