दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के जीवन पर आधारित बायोपिक बनाने वाले निर्माताओं को दिल्ली हाई कोर्ट ने नोटिस जारी कर दिया है। दिवंगत अभिनेता के पिता केके सिंह ने इस उनके बेटे पर बन रही बायोपिक पर रोक लगाने की मांग की है। उनकी इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने निर्माताओं को नोटिस भेजा है और जवाबतलब किया है।
बता दें कि सुशांत सिंह की मौत के बाद फैंस काफी आहत हुए थे और भावनाओं की लहर बिहार से निकलकर पूरे देश में छा गई। ऐसे में कुछ निर्माताओं और निर्दशक ने उनपर बायोपिक बना डालने की सोची। फिल्ममेकर विजय शेखर इस फिल्म को बनाने जा रहे थे। फिल्म का पोस्टर रिलीज हो चुका था।
बताया गया कि सुशांत की बायोपिक फिल्म प्रेरणादायक है। नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से आए हुए लोगों को इसमें कास्ट करने की बात कही गई थी। साथ ही नेपोटिज्म पर जोरदार निशाना साधने का दावा था। फिर खबर आई कि सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस से प्रेरित इस फिल्म को सरला सारागोई और राहुल शर्मा प्रोड्यूस करेंगे। निर्देशन की जिम्मेदारी दिलीप गुलाटी संभालेंगे।
बायोपिक को लेकर कहा गया था कि सुशांत सिंह का किरदार एक्टर जुबैर खान निभाएंगे। वहीं रिया चक्रवर्ती की भूमिका श्रेया शुक्ला अदा करेंगी, जो पहले कई वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। लेकिन अब सुशांत की इस बायोपिक पर संकट मंडराता नजर आ रहा है। क्योंकि उनके पिता ने ही इसपर प्रतिबंध की मांग कर दी है।